माँ की चीख
माँ की चीख
वक्त का जरा तकाजा तो देखिए,
संतान माँ से माँ का प्रमाण मांगती है।
जिसकी रज कण में पले बढ़े हुए,
उसी से आज हिसाब संतान मांगती है।।
अपनी माँ दुर्दशा का नित रोना रोती,
हम विदेशी माँ की नित सजा रहे सूरत।
वो खूब बड़बोली बन विचरण करती,
निज माँ का अस्तित्व बनता जाता मूरत।।
अपनी माँ को माँ कहने में,
जिनका झुकता हो सर लज्जा से।
तो धिक है ऐसी संतानों को,
घिन आती मुझे ऐसी मज्जा से।।
सहज सरल ग्राह्य रूप जिसका,
तुम क्यों इतने इससे सभीत हुए।
जो दूर जाते को भी ला पास बिठाए,
तुम ऐसी प्प्रेयसी से ही भयभीत हुए।।
दूजे के घर अपने घर सी इज्जत ढूंढो,
यह तो सीधी सीधी मृगतृष्णा है।
या उस काली रात में ढूंढ रहे चांद को,
जो शुक्ल पक्ष में रही सदा कृष्णा है।।
जिसके मात्र एक नमस्ते शब्द का,
आज पूरा विश्व बना बैठा दीवाना है।
जिसके देव तुल्य शास्त्रों का रहस्य ढूंढने,
विदेशी भारत आने का ढूंढते बहाना है।।
हम उस अतुलनीय अद्वित्य धरोहर का,
मोल जान पाने में हाय न समर्थ हुए।
अपनी इस धरा शिरोमणि की मणि हिंदी को,
न सम्मान दिला पाए तो जीवन पा सब व्यर्थ हुए।।
अपनी माँ की इस हृदय वेदना को,
निज् संतान न समझी तो कौन जान पाएगा।
इस आर्य धरा पर ही न मान सम्मान मिला तो,
क्या कोई विदेशी आकर यशोगान गाएगा।।
चीख चीख निज अस्तित्व खोजे,
अश्रुपूरित नयनों से बाट निहार रही।
बाहें फैलाए आतुर गले लगाने को,
देव लौट आओ लौट आओ हर पल है पुकार रही।।
