जब तू असफल होता है
जब तू असफल होता है
जब तू असफल होता है
केवल तू ही तो रोता है
तेरा श्रम सब व्यर्थ हो गया
जग कहता ये तो सोता है
जब तू असफल होता है।।
लोग लगे अब सीख सुनाने
तेरी कमियाँ लगे बताने
ऐसा जन ही सफल न होता
बात हमारी जो न माने
बोझ तू अपना ही ढोता है
जब तू असफल होता है।।
ज्ञान घणा फिर तुझे मिलेगा
नए विद्वानों का पता चलेगा
कुछ भी न तू कर पाएगा
बोझ तेरा ही तुझे खलेगा
मान तेरा तू तो खोता है
जब तू असफल होता है।।
डर मत जाना, हार न जाना
चाहे कुछ भी कहे जमाना
विफल तभी तो सफल बनेगा
कोशिश का जब करे ठिकाना
देख तू आगे क्या होता है
जब तू असफल होता है।।
