बड़का भैया प्रधानमंत्री बनेंगे
बड़का भैया प्रधानमंत्री बनेंगे
बड़का भैया प्रधानमंत्री बनेंगे रामलीला मैदान में वोट चोरी के मुद्दे पर इंडी गठबंधन की रैली में बड़का भैया दहाड़ रहे थे, मोदी कहीं नहीं जाएगा, क्योंकि हम उन्हें जाने नहीं देंगे लोकतांत्रिक तरीके से सजा दिलाएंगे, वोट चोरी का अभियोग चलाएंगे जनता की अदालत में जाएंगे जब वो जीत ही जाएंगे, तब ससम्मान उन्हें ही फिर से प्रधानमंत्री बनाएंगे। वैसे भी जब-तक हम हारने का अपना रिकॉर्ड सुधारते-सुधारते थक नहीं जाएंगे तब तक प्रधानमंत्री का सपना भी नहीं देखेंगे। तभी पीछे से मेरे मित्र यमराज ने उनके हाथ से माइक छीन लिया और कहा - भाइयों बहनों आप लोग इनकी बातों में मत आना इन्हें सत्ता की मलाई कभी मत चटवाना। हमारी यमलोक जनता पार्टी और भिंडी गठबंधन का ताजा-तरीन बंधन हो रहा है, बड़का भैया को प्रधानमंत्री का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर मैराथन मंथन हो रहा है। क्योंकि यमलोक में अब हमारी दाल नहीं गल रही है वहाँ की सरकार वोट नहीं वोटर चोरी कर सत्ता की मलाई काट रही है। ऐसे में बड़का भैया की हमें बड़ी जरूरत है अब आप लोग देख लो, किसे अपना नेता बनाओगे। हम तो इन्हें अपने गठबंधन का नेता यमलोक पहुँचते हुए घोषित कर देंगे, इनके नेतृत्व में आगामी चुनाव लड़ेंगे, जो काम आप लोग अब तक नहीं कर पाए वो हम करके दिखायेंगे, मोदी जी कितने बड़े नेता हैं, ये हम उन्हें दिखाएंगे बड़का भैया को यमलोक का प्रधानमंत्री बनाएंगे। रैली-रैला, धरना प्रदर्शन का लफड़ा मिटाएंगे, प्रधानमंत्री के तौर पर बड़का भैया से पहला दौरा भारत का ही कराएंगे, तब बेचारे मोदी जी क्या बिगाड़ पाएंगे, उल्टे प्रोटोकॉल तोड़ कर सीधे जाकर गले लगाएंगे, प्रधानमंत्री निवास में रात्रि भोज कराएंगे, और आपस में विकास की संयुक्त योजना का एजेंडा दुनिया के सामने लाएंगे, तब पाकिस्तान के तोते उड़ जाएंगे ट्रंप चच्चा भी सदमे में चले जाएंगे, बेचारे चिनपिंग कुछ समझ नहीं पाएंगे, पुतिन दुनिया भर में लड्डू बँटवाएंगे, और आप सब घर में बैठकर मुरझाएंगे। रैली में आए लोग बडका भैया के चेहरे का भाव देखकर खुद को ठगा महसूस कर धीरे-धीरे खिसक रहे थे गिरगिट की तरह रंग बदलती स्वार्थी राजनीति को कोस रहे थे, अपनी अपनी पार्टियों का झंडा वहीं छोड़कर जाते हुए अपने नेताओं की लानत-मलामत कर रहे थे, रैली में आने के लिए खुद को कोस रहे थे, और उधर बड़का भैया नए गठबंधन की स्वीकृति और यमराज के गले जबरदस्ती लग रहे थे। सुधीर श्रीवास्तव
