आज का आधुनिक देश प्रेम
आज का आधुनिक देश प्रेम
कि देश छोड़ अंग्रेज गए
बदली नारों की भाषा
समय है बदला
साथ में बदली
देशप्रेम की परिभाषा ।
और ड्राइंग रूम में बैठकर
जब भी खाया गरम समोसा है ।
देख टीवी चैनल बात-बात पर
नेताओं को कोसा है ।
वही कश्मीर, वही घोटाले
यह समाचार नहीं थे क्या ।
अरे नेता तो हम खुद चुनते हैं
वोट डालने गए थे कहां ।
और प्रदूषण भरे शहर में
तुमने बच्चे पाले हैं।
क्या पेड़ लगाया
तुमने कोई एक ?
क्यों यहां सब के मुंह
पर ताले हैं !
पेड़ लगाना क्या केवल
सरकारी जिम्मेदारी हो
हरियाली के महायज्ञ में
सबकी भागीदारी हो।
और जनसंख्या विस्फोट
देश की सबसे बड़ी परेशानी है।
जन संसाधन कम पड़ने पर
क्यों करती जनता हैरानी है ।
परिवार कल्याण नियोजन के
नारों की मिलकर बोलो जय जयकार ।
एक हो घर में प्यारा बच्चा,
पेड़ लगे हो दस हजार ।
और अनपढ़ के अंधियारों को
मिलकर हमें भगाना है ।
आसपास के किसी अनपढ़ को
पढ़ने के लिए उकसाना है ।
कलम हाथ में उसे थमाकर
थोड़ा-थोड़ा उसे पढ़ाते जाओ ।
अपने ज्ञान के बड़े बल्ब से
उसका दिया जलाते जाओ।
और व्यर्थ जले ना बिजली
आओ ऐसा प्रबंध करें
बच्चे बूढ़े सब आदत डालें
बहते नल को बंद करें
ऑफिस का काम करो मन से
न टालो टालता है।
याद रहे इसी काम से
घर का चूल्हा जलता है।
आज देश को नहीं जरूरत
फाँसी पर चढ़ जाने की
देश भक्ति की यही है सूरत
नये ज़माने की।
अधिकार और कर्तव्य का ज्ञान हो सबको
न कोई कमजोर बेचारा हो,
जनहित जब कदम बढ़े
तो पहला कदम हमारा हो...!
