पर्यावरण बचाओ
पर्यावरण बचाओ
ध्वनि, मिट्टी, जल, वायु आदि सब, पर्यावरण हमारे।
जीव जगत के मित्र सभी ये, जीवन देते सारे।
इनसे अपना नाता जोड़ो, इनको मित्र बनाओ.
पर्यावरण बचाओ …
तब तक जीव है जगत में, जब तक जग में पानी।
जब तक वायु शुद्ध रहती है, सोंधी मिट्टी रानी।
तब तक मानव का जीवन है, यह सबको समझाओ।
पर्यावरण बचाओ …
हरियाली की महिमा समझो, वृक्षों को पहचानो।
ये मानव के जीवन दाता, इनको अपना मानो।
एक वृक्ष यदि कट जाये तो, ग्यारह वृक्ष लगाओ।
पर्यावरण बचाओ …
जीव जगत की रक्षा करना, अब कर्तव्य हमारा।
शोर और मिट्टी का संकट, दूर करेंगे सारा।
एक वृक्ष हम नित रोपेंगे, आज शपथ ये खाओ।
पर्यावरण बचाओ …
आज समय की मांग यही है,
पर्यावरण बचाओ।
