भारत माता
भारत माता
सबसे प्यारा सबसे न्यारा अपना भारत देश महान,
भारत माता की जय बोलो वन्देमातरम हिंदुस्तान।
सुनो-सुनो, ऐ दुनिया वालों, हमको न ललकार यहाँ,
हम भारत के वासी हैं, हिम्मत ही तलवार यहाँ।
कण-कण वीर जवानी है, जन-गण लिखी कहानी है-
रक्त तिलक हम करते और हाथों को हथियार यहाँ।
उत्तर से दक्षिण तक और पूरब- पश्चिम एक समान,
भारत------
वीर शिवा के वंशज हैं, कुँवर की तलवार जहां
झाँसी वाली रानी की, गूँजती वो ललकार यहाँ।
हल्दीघाटी की माटी में, राणा का इतिहास लिखा-
वीरों की इस धरती में, चेतक भी हथियार यहाँ।।
देश की ख़ातिर वीरों ने दे दी अपनी हँसके जान।
भारत माता-----
माँ भवानी दुर्गा काली, चामुण्डा विकराल यहाँ,
सुदर्शन धारी विष्णु हरि, शंकर हैं महाकाल यहाँ।
कान्हा ने महाभारत रच दी, अर्जुन वीर धनुर्धारी-
पवन पुत्र ने लंका जारी, राम बने खुद काल यहाँ।
भगीरथ ने गङ्गा उतरा दी, शिव की जटा में स्थान।
भारत माता-----
सुभाष-भगत-सुखदेव-गुरु, चन्द्रशेखर आज़ाद जहाँ,
अशफाक उल्ला और बिस्मिल, अंग्रेज़ो को याद यहाँ,
बापू का वो सत्याग्रह, सरदार पटेल सा लौहपुरूष-
आज़ादी के दीवाने सब, वीरों से धरा आबाद यहाँ।।,
मंगल के विद्रोहों से अँग्रेजी हुकूमत हुई हलकान।
भारत माता----
गीता का उपदेश जहाँ, बाइबिल पाक कुरान यहाँ,
मन्दिरों में बजती घण्टी, मस्ज़िद में अज़ान यहाँ।
हिन्दू- मुस्लिम-सिक्ख-ईसाई, आपस में हैं भाई-
गंगा-यमुना अविरल धारा, बुद्ध-महावीर ज्ञान यहाँ।।
राधेकृष्णा जपती दुनियां, रामनाम भारत पहचान।
भारत माता की--
चन्द्रगुप्त का शौर्य यहाँ, चाणक्य बड़े विद्वान यहाँ,
पोरस जैसा बलशाली, सम्राट अशोक महान यहाँ।
सिकन्दर जीत न पाया, अकबर का अभिमान घटा-
शूरवीरों की यह धरती, सबको मिला सम्मान यहाँ।।
भारत से बढ़िया देश नहीं, देख लो तुम सारा जहान।
सोने की यह चिड़ियां है, विश्व में सबसे बढियां है-
भारत माता की जय बोलो, वन्देमातरम हिंदुस्तान।