विष के घूंट
विष के घूंट
विष के घूंट पिए है जब से ,
अपनों से कुछ आस लगाकर।
दूर दूर हम होते जाते,
अपनापन उनको दिखलाकर।
काल पुरुष सिर पर बैठा है,
फिर भी अपने रूठ रहे हैं।
कितना स्नेह निभाते बैठे,
फिर भी अपने छूट रहे हैं।
अपना अपना कहते रहते,
अपना वो अहसान जताकर।
हम अपनी मस्ती में रहते,
अहसानों का मान दिखाकर
ना तू इसी जहाँ में रहना,
ना मुझे ही सराय बसानी।
बस तेरा तो तू ही जाने,
लिखनी मुझे मेरी कहानी।
कल तक जो पल पल साथी थे,
अब हमें पहचान ना पाते।
स्नेह धन था उनका हमी से,
यह भी तो हम कह ना पाते।
मानव होकर तरस गया हूँ,
मानव के दर्शन करने को,
अपना अपना चरना जीवन,
बना लिया कर्षण करने को।
वर्तिका से जलते जीवन में ,
आशा की इक किरण बनाकर।
अपने को सक्षम करता हूँ,
अपनों को मैं गले लगाकर।
धन की माया या माया धन,
पीछे पीछे डोल रहा है।
आज तक तेरे ही आसरे,
ये 'सुओम’ भी बोल रहा है।
