STORYMIRROR

Ajayraj Shekhawat

Inspirational

3  

Ajayraj Shekhawat

Inspirational

भिखारी कौन ?

भिखारी कौन ?

4 mins
648

ट्रैन आने का समय हो चला है। राम्या सीधे टिकट खिड़की पर पहुँचती है। "भैया जयपुर का टिकट कितने का है।" राम्या ने पूछा। दो सौ पांच सामने से आवाज आई। एक मिनिट राम्या ने ये कहकर अपने बैग से अपना पर्स निकालने के लिए बैग खोलती है। लेकिन पर्स वहाँ नहीं मिलता। शायद कपड़ों के नीचे दब गया होगा, राम्या ने अपने मन में सोचते हुए वहाँ टटोला। जब वहाँ भी नहीं मिला तो उसने पूरा बैग छान मारा। अब उसके होश फाख्ता हो गए। पर्स चोरी हो गया था।

अब उसे याद आया कि यहां तक आने के लिए जिस बस में वो चढ़ी थी। उसमे बहुत भीड़ थी। अब उसके समझ में आ गया था। जब उसने किराया दिया था और पर्स बैग में रखा था तो एक आदमी बैग को घूर घूर के देख रहा था। पक्का उसी का काम था। पर अब पछताय होत क्या जब चिड़िया चुग गई खेत। उसे पैसों का दुःख नहीं था, उसका मोबाइल और डेबिट कार्ड भी उसी में थे।


अब उसने वहाँ खड़े लगभग हर व्यक्ति से अपनी राम कहानी बयाँ की और मदद माँगी। क्योंकि गाड़ी किसी भी वक्त आ सकती थी। लेकिन किसी ने मदद नहीं कि पर मुफ़्त के प्रवचन ज़रूर दिए। एक ने तो हद कर दी और बोला की,"लगता है भीख मांगने का नया तरीका है।" थक हार कर बेचारी टिकट खिड़की पर गई और उस व्यक्ति को अपनी समस्या बताई और मदद के लिए हाथ जोड़े। वह व्यक्ति तंज मारते हुए बोला,"मैडम यहाँ हर दूसरे आदमी का पर्स खो जाता है और मैं अगर सबका संकट मोचक बन गया ना तो मेरे बीवी बच्चे सड़को पे भीख मांगेंगे। पैसे है तो दीजिए।" उम्मीद की आख़िरी किरण भी टूट गई। बेचारी पास पड़ी बेंच पे असहाय होकर बैठ गई।


अभी उसको बैठे हुये कुछ समय ही बीता था। उसके पास एक भिखारिन आई और बोली," बीबीजी बहुत देर से देखरी मैं तुमको। क्या हुआ।" राम्या उसे देखकर थोड़ा सा डर कर सहम सी गईं। "अरे डरती काई कु है। मैं बाहर से मैली है रे, ये भीड़ की तरह अंदर से नहीं। बोलना क्या बात हुई।"भिखारिन ने प्यार से पूछा।

अब राम्या थोड़ी सहज हुई और लाचारी से बोली," मैं यहाँ एग्जाम देने आईं थी कल। सुबह होटल से निकल कर एग्जाम देने गई और जब वापस यहाँ आ रही थी तो बस में किसी ने पर्स मार लिया। अब टिकट तक के लिए पैसे नहीं है और मेरी फूटी किस्मत ये की मैं किसी को भी नहीं जानती यहाँ।"

"यहाँ दिल्ली में एक से एक चोर है बीबीजी। अरे अखियां से सुरमा निकाल ले पतो भी ना लगे। तू डर ना ये ले तेरा टिकट।" भिखारिन ने टिकट देते हुए कहा।


राम्या ने जैसे ही टिकट हाथ मे लिया उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसे लगा कि जैसे संसार की सबसे कीमती चीज उसके हाथ में है। उसके आँसूओं ने आँखों का साथ छोड़ दिया था। अपने आप को संभालते हुए उसने उत्सुकता से पूछा कि,"आपको क्या पता की मैं जयपुर जा रही हूँ। आपने कब लिया ये। मैं कैसे आपको धन्यवाद दूँ। "

"जब तू उस हलकट से टिकट मांग रही थी ना, तो तेरा दुखड़ा नहीं देख सकी मैं। तो ले ली मैं तेरा टिकट। वो देख तेरी रेलगाड़ी भी आ गई।" भिखारिन आती हुई ट्रैन की तरफ इशारा करते हुए कहा।


"आपका ये एहसान पता नहीं मैं कैसे चुका पाऊँगी।" राम्या हाथ जोड़कर बोली। "कोई बात नहीं बीबीजी। ये लो कुछ पैसे रख लो आगे काम आयेगे।" भिखारिन ने ज़बरदस्ती उसके हाथ में कुछ नोट देते हुए कहा। "नहीं मैं नहीं रख सकती। आपने बहुत मदद कर दी है।" राम्या ट्रैन में चढ़ते हुए बोली। अब वो भिखारिन गुस्से से बोली," ज़िद मत करो बीबीजी नहीं रखना है तो मेरा टिकट भी वापस दे दो।" अब राम्या को वो रखने ही पड़े। "रही बात बीबीजी एहसान की, आप भी कभी किसी दिन किसी मदद कर दियो।" भिखारिन ने मुस्कुराते हुए कहा।


ट्रैन ने जाने का सिग्नल दे दिया। अब राम्या से रहा न गया। उसने ट्रैन से उतर कर कस के उस भिखारिन को गले लगा लिया औऱ मन ही मन बोली,असली भिखारी तो ये तमाशा देखने वाली भीड़ है। तुम तो मेरे लिए भगवान बन कर आई हो। "अरे ये क्या कर रही है बीबीजी रेलगाड़ी चल पड़ी है।" भिखारिन हड़बड़ाहट में बोली। राम्या दौड़कर ट्रैन में चढ़ गई और तब तक उसे देखती रही जब तक की वो आँखों से ओझल ना हो गईं।


Rate this content
Log in

Similar hindi story from Inspirational