खाली आंगन
खाली आंगन
कुछ दरवाज़े
जब बंद होते हैं
तो दीवारों में बदल जाते हैं
कभी नहीं खुलती दीवारें
लेकिन लग जाते हैं दीवारों के कान
सुनने को आहट
पदचाप
कि कोई आए और खटखटाए
लेकिन
दरवाजों के दीवार बनने के बाद
बाहर की कुंडी
और अंदर की चिटकनी भी नहीं रहती
दिलों के दरवाज़े फिर कभी नहीं खुलते
बना लिए जाएं बेशक
ऊँचाई पर कुछ रोशनदान
आंगन खाली ही रहते हैं।
