STORYMIRROR

Dr Lakshman Jha "Parimal"Author of the Year 2021

Comedy

4  

Dr Lakshman Jha "Parimal"Author of the Year 2021

Comedy

“हमारे ‘कूप मंडूक ग्रुप’ से जुड़ जाएँ”

“हमारे ‘कूप मंडूक ग्रुप’ से जुड़ जाएँ”

5 mins
1

प्रणाम:StoryMirror प्रस्तुति : दैनिक रचना विधा : व्यंग्यात्मक गद्य नाट्य रूप शीर्षक: “हमारे ‘कूप मंडूक ग्रुप’ से जुड़ जाएँ”घोषणा: मौलिक स्वरचित अप्रकाशित  

भूमिका :इसे व्यंग्य समझें और कुछ नहीं!

न किसी व्यक्ति पर चोट है, न किसी ग्रुप पर। यह तो फेसबुक के रंगमंच पर सजे एक काल्पनिक दृश्य की हँसी-ठिठोली मात्र है।

वैसे हर व्यंग्य का कुछ न कुछ संदेश तो होता ही है!

हम विश्व से जुड़ने आए थे, पर कहीं अपने-अपने कुएँ में ही तो नहीं सिमट गए? कुएँ को ही संसार समझ बैठे तो बाहर की विशाल दुनिया से वंचित रह जाएँगे।

बस, इतनी-सी बात हँसी-हँसी में कह दी है। जो समझ जाएँ, वही सयाने!

दिनांक : 23 नवम्बर 2026 

---------------------------------------------------

“हमारे ‘कूप मंडूक ग्रुप’ से जुड़ जाएँ”(एक व्यंग्यात्मक अभिव्यक्ति)डॉ॰लक्ष्मण झा ‘परिमल’========================आज फेसबुक के रंगमंच पर ढोल-नगाड़ा और शहनाई की धुनों ने ऐसा समाँ बाँधा कि लोग खिंचे चले आए। देखते ही देखते दर्शकों का हुजूम बढ़ने लगा। कहीं कला-पारखी, कहीं कवि, कहीं समीक्षक, कहीं केवल ताली बजाने वाले — सब आ जुटे। उत्सुकता चरम पर थी।भीड़ में से किसी ने कहा —“अरे भाई, आज क्या बात है? कोई महान कलाकार आने वाले हैं क्या?”दूसरे ने कहा —“हमें तो पता नहीं। हम तो संगीत की धुन पर खिंचे चले आए। अब देखिए, आगे-आगे क्या होता है?”रंगमंच रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा रहा था। चार स्टेज माइक लगे थे, चार सजी हुई कुर्सियाँ थीं। कुर्सियों के पीछे संगीतकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे।एक क्षण संगीत थमा। ऐसा लगा जैसे कोई दिव्य कलाकार आ गया हो। सब खड़े होकर देखने लगे। तभी एक युवक और एक युवती का प्रवेश हुआ। तालियाँ गूँज उठीं। फिर से ढोल-नगाड़ा और शहनाई उनके स्वागत में बजने लगे। संयोजक और संयोजिका ने उन्हें माला पहनाई। माल्यार्पण के बाद दोनों मुख्य अतिथि कुर्सी पर विराजमान हो गए।संयोजक महोदय स्टेज माइक के सामने आए और बोले —“हेल्लो... हेल्लो... माइक टेस्टिंग... माइक टेस्टिंग... 1... 2... 3... क्या मेरी बात आप लोगों तक पहुँच रही है?”भीड़ से आवाज़ आई —“हाँ भाई, हाँ, पहुँच रही है!”बस, फिर क्या था! संयोजक जी की बाँछें खिल गईं। बोले —“हाँ तो फेसबुक के भाइयों और बहनों!आज हमारे भाग्य खुल गए!हमारे बीच दो महान हस्तियाँ पधारी हैं!क्या संयोग है? एक का नाम कृष्ण है और दूसरे का नाम राधा!देखिए, हमें तो साक्षात् प्रभु मिल गए हैं!ये फेसबुक पर एक ग्रुप लॉन्च करना चाहते हैं।इसके विषय में ये स्वयं आपको बताएँगे!”संयोजक महोदय ने बड़े आदर से राधा और कृष्ण से आग्रह किया —“अब आप लोगों से निवेदन है कि इस नए ग्रुप पर आप ही प्रकाश डालें।”राधा रानी बैठी रहीं। कृष्ण जी खड़े होकर स्टेज माइक के सामने पधारे। माइक को जोर से पकड़ा और कहा —“हेल्लो... हेल्लो... माइक टेस्टिंग... माइक टेस्टिंग... 1... 2... 3... क्या मेरी बात आप लोगों तक पहुँच रही है?”किसी ने मज़ाक में कहा —“अपनी बातें सुनाइए... टेस्टिंग-वेस्टिंग को गोली मारिए!”लोग हँसने लगे।फिर कृष्ण जी बोलने लगे —“मेरे प्यारे फेसबुक के रंगकर्मियों! हम आपका अभिनंदन करते हैं!”तालियाँ बजने लगीं। लोग उचक-उचक कर निहारने लगे।कृष्ण जी ने फिर बोलना शुरू किया —“फेसबुक के माध्यम से हमने ऊँचाइयों को छू लिया! अपनी प्रतिभाओं को निखारा है! साथ ही हम सम्पूर्ण विश्व से जुड़ने लगे! दूरियाँ मिटाने के लिए अनगिनत ग्रुप बनते गए — ‘कवि गोष्ठी ग्रुप’, ‘ग़ज़ल ग्रुप’, ‘राजनीति ग्रुप’, ‘कलाकार ग्रुप’, ‘जोड़ी बनाओ ग्रुप’ और न जाने करोड़ों ग्रुपों का आविष्कार हो गया!हमने भी एक नया ग्रुप लॉन्च किया है!इस ग्रुप का नाम है... ‘कूप मंडूक ग्रुप’!”‘कूप मंडूक ग्रुप’ की उद्घोषणा के बाद ढोल-नगाड़ा-शहनाई बजने लगी। स्टेज पर फूलों की बारिश होने लगी। संयोजक सामने आकर माइक पर बोले —“कृपया शांत हो जाएँ... अब इस ‘कूप मंडूक ग्रुप’ के विषय में आपको राधा रानी जी प्रकाश डालेंगी!”राधा रानी के खड़े होते ही सारा पंडाल हर्षित हो गया। तालियाँ बजने लगीं। फिर ढोल-नगाड़ा और शहनाई की धुनों ने लोगों को नाचने पर विवश कर दिया। जब लोग शांत हुए तो राधा रानी ने लोगों का अभिवादन किया और माइक के समक्ष आकर बोलने लगीं —“‘कूप मंडूक ग्रुप’ बन गया है!कृष्ण जी इसके ‘एडमिन’ हैं...और हम राधा रानी... इसके ‘मॉडरेटर’ हैं!यह ग्रुप सिर्फ कुएँ की चारदीवारी के भीतर ही घूमता रहेगा!गहराई कितनी है?पानी कितना है?मेढक कितने हैं?आपको बस सिर्फ कुएँ की गतिविधियों का मूल्यांकन करना है!बाहर की दुनिया के विषय में यदि आप लिखेंगे...तो एडमिन और मॉडरेटर की निगाहों से बच नहीं सकेंगे!उसे कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा!”लोग खुश हो गए, तालियाँ बजीं। फिर कान फाड़ने वाला संगीत बजने लगा। सब फेसबुक सहकर्मियों ने इस ‘कूप मंडूक ग्रुप’ को सराहा और सारा पंडाल गूँज उठा —“राधा-कृष्ण की जोड़ी अमर रहे... अमर रहे!”और फिर क्या हुआ?कुछ ही दिनों में ‘कूप मंडूक ग्रुप’ का नाम सारे विश्व में फैल गया। सदस्य बढ़ते गए, लाइक बढ़ते गए, कमेंट बढ़ते गए। पर विडंबना देखिए — ग्रुप का नाम तो विश्व में फैल गया, पर सदस्यों के विचार कुएँ के मेढक की तरह ही सिकुड़ते चले गए।अब वहाँ कुएँ के बाहर की कोई बात नहीं होती थी। न आकाश की विशालता, न नदी की यात्रा, न सागर की गहराई। बस यही चर्चा — “आज कुएँ में कितना पानी है? कल मेढक ने कितनी छलाँग लगाई? परसों किसने टर्र-टर्र अधिक किया?”जो भी सदस्य कुएँ से बाहर झाँकने का प्रयास करता, एडमिन जी तुरंत टोक देते — “भाई, यह हमारे ग्रुप की मर्यादा के विरुद्ध है। यहाँ सिर्फ कुएँ की बात होगी।”मॉडरेटर जी मुस्कुराकर कहतीं — “बाहर की दुनिया बहुत खतरनाक है। कुएँ में ही सुरक्षित रहिए।”धीरे-धीरे ग्रुप के सदस्य कुएँ को ही संसार समझने लगे। उन्हें लगने लगा कि कुएँ की दीवार ही क्षितिज है, और कुएँ का पानी ही सागर है।जो कभी विश्व से जुड़ने के लिए फेसबुक पर आए थे, वे अब एक छोटे से कुएँ में कैद होकर स्वयं को महान समझने लगे।यही तो है आज के ‘कूप मंडूक ग्रुप’ की सच्चाई —जहाँ मंच बड़ा है, शोर बड़ा है, पर सोच कुएँ से भी छोटी है।=====================— डॉ. लक्ष्मण झा ‘परिमल’दुमका ,झारखंड 


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Comedy