दूसरी सन्तान बेटी ....उत्सव की ज़रूरत है
दूसरी सन्तान बेटी ....उत्सव की ज़रूरत है
लगातार बजती घण्टी से उकता कर बीना जी ने ऊपर से नीचे झाँका तो पाया कि वृहन्नलाओं की टोली खड़ी थी और बधाई गा रही थी ज़ोर ज़ोर से।
उन्होंने ऊपर से ही ज़ोर से कहा अरे हमें कोई तमाशा नहीं करवाना दूसरी बेटी हुई है बहू को।
नीचे खड़े लोगों में से एक दम से बोल उठा," माताजी आपके वंश में कोई तो बढ़ा है, मौका तो खुशी का है और वो अपनी मस्ती में नाच गाना करने लगे।
घर के मालिक थोड़ा नाराज़ हुए तो उन किन्नरों के मुखिया ने कहा आप खुशनसीब हैं, इंसान के घर दो ही जन्म लेते हैं बेटा या बेटी।
जब हम यहाँ तक आ ही गये हैं तो खाली हाथ नहीं जायेंगे बच्चे के होने का शगुन लेकर ही जाएंगे।
ढोलक की थाप पर ब्रह्ननलाओं की टोली की मुखिया रेखा झूम झूम कर नाच रही थी और ढोलक की आवाज़ सुनकर आसपास की कुछ महिलाएं भी शुक्ला जी के मकान की ओर बढ़ चलीं।
दबी हुई हँसी में उनके क्रियाकलापों से सबको हँसी भी आ रही थी। बात एक हज़ार से होते होते तीन हज़ार तक जा पहुँची।
अब माहौल थोड़ा तनातनी का हो चला था, ऐसा नहीं था कि शुक्ल परिवार में सम्पन्नता कम थी, पर बीच में दूसरी बेटी के जन्म ने दिलदारी में विपन्नता और मन में खिन्नता भर डाली थी।
उसकी वजह भी थी, कि उनकी बहू रीमा ने दूसरी बेटी को जन्म दिया था वह भी सिजेरियन। अस्पताल के खर्च तकलीफ़ अलग उस पर बृहन्नलाओं का आगमन।
परिवार में ऐसी मनहूसियत फैली थी, जैसे जन्म की न होकर कोई मातम की घटना घटी हो।
बड़ी पौत्री पीहू के जन्मोत्सव को जितने अरमानों से मनाया था ,छोटी बेटी के समय मामला बस खाना पूर्ति का हो गया।
ननिहाल और ददिहाल सब जगह जैसे साँप सूँघ गया था।
बीना जी ने भी घण्टी बजने पर गेट खोलते ही रेखा को जाने को कह दिया यह कह कर कि दूसरी बेटी हुई है बहू को बधाई की क्या ज़रूरत।
शुक्ल जी उन लोगों को थोड़ी सख्ती के साथ लौटाने की मुद्रा में आ चुके थे।
तब तक कुछ सोच उनमें से किसी ने कहा कि इन्हें खाली हाथ लौटाना भी ठीक नहीं होता कुछ एक दो गीत सुन लो आ ही गये हैं तो।
हाँ भाई एक गाना सुना दो अपने मन का और चलो अपने धाम को।
इतनी बात सुनकर जो किन्नरों की मुखिया ने गाना गाया तो उसकी ख़ुद की भी आँख भर आयी।
गाने के बोल थे
बेटा भी देना बेटी भी देना
पर किसी को न देना हम जैसा
बिटिया बनाना बेटा बनाना
रब कोई न बनाना हम जैसा।।
पास खड़े लोगों के गीत के बोल जब कानों में पड़े तो हर किसी की आँख भीग गयी, और मन सिहर उठा।
किन्नर की मुखिया रेखा ने रुँधे गले से कहा, "अम्माजी हम सब जो यहाँ खड़े है, सब अपने माँ बाप के बच्चे और किसी के बहन या भाई थे।
पर ऊपरवाले ने हमें न पति पत्नी बनने का सौभाग्य दिया न माँ बाप होने का। तुम बहुत कर्मों वाली हो जो बेटी है ,तुम्हें रोटी देगी किसी का घर बसाएगी।
अगर हमारी तरह बना देता ऊपर वाला तो मरते दम तक प्राण न निकलते चैन से। दवा दुआ में हमारे घर वालों का भी लाखों लगा पर देखो आज न हम उनके हैं और न वो हमारे हैं ,पूरी दुनिया पलट गई ईश्वर की ज़रा सी मर्ज़ी के आगे।
अगर मुन्नी बोझ लग रही हो तो हमें दे दो तुमसे ज़्यादा लाड़ से पालेंगे हमें भी बुढ़ापे का सहारा नसीब हो जाएगा।
बीना जी उनकी बात सुनकर सिहर उठीं, "अपने पति से बोलीं, क्या गलत कह रहे हैं राजी राजी बहू घर आई और बच्चा भी स्वस्थ, दे दो जो कहते हैं।
शुक्ल जी ने बीना जी के हाथ में पाँच हज़ार रुपये पकड़ा दिये। वो शगुन के सूप में गुड़ और चावल के साथ मीठा भी लेकर आईं।
ऐसे नहीं पहले बच्ची को गोद में लेकर आओ दादी, बीना जी बच्ची को गोद में लेकर आईं। उसका गोरा गुलाबी अस्तित्व जैसे माँ भगवती का एक और रूप लग रहा था।
रेखा ने सूप में रखे पांच हज़ार रुपये से मात्र एक रुपया उठाया और बच्ची की नज़र अपनी आँखों में लगे काजल से उतार कर बोले।
बच्ची के नाम कर देना, "कहना ये रुपये मौसी ने दिये अम्मा और अम्मा लड्डू ज़रूर बाँटना जगदम्बा के नाम पर।"
ऊपरवाले की देन खुले मन से स्वीकारो ।
शुक्ला जी ने उन मंगलामुखियों से कहा कि ,"आपने हमारी आँखों पर से पर्दा हटा दिया। हम उत्सव भी करेंगे और उस दिन आपको बुलाएंगे भी।"
फिर आग्रह किया कि बिटिया को आशीष दे जलपान कर ही घर से जायें।
इस सत्य घटना ने सोचने पर विवश कर दिया कि समाज में अब भी ये कुरीति है बच्चों के जन्मोत्सव में भी फ़र्क़। हमें एक बार यह भी विचार लेना चाहिये कि समाज का एक बड़ा तबका ऐसा भी है जिसे ईश्वर ऐसा कोई सुख प्रदान नहीं करते।।
स्वस्थ बच्चा अपने आप में एक बड़ा उपहार ही होता है फिर चाहे वो बेटे हों या बेटियाँ।
