STORYMIRROR

Yogita Dhruv

Drama Romance Fantasy

3.8  

Yogita Dhruv

Drama Romance Fantasy

क्या मैं भी सपने देख लूं ??

क्या मैं भी सपने देख लूं ??

1 min
40

मीरा, वो लड़की जो बस खुश रहना जानती थी। जीवन की हर दुख दर्द से दूर एक स्वच्छंद पंछी की तरह बस उड़ान भरने को आतुर। वाचाल, भोली, चंचल, छोटा कद फिर भी माता -पिता की दुलारी। पढ़ने में अच्छी इसलिए अपने सहपाठियों और अध्यापकों में प्रसिद्ध। जीवन में सिर्फ सुख ही होते हैं उसे हमेशा ऐसा ही लगता था। 

लेकिन प्यार एक अलग अहसास है जो इंसान को एक नए संसार का भ्रमण करने पर मजबूर कर ही देता है। लड़कपन की दहलीज को पार करके जब भी कोई लड़की अपनी यौवन अवस्था में प्रवेश करती है तो जीवन में एक भूचाल सा महसूस होता है। 

कल्पनाओं का संसार हिलोर मारता है तो लगता है हार चीज से अपना कंट्रोल छूट रहा है। 

और मीरा! मीरा की तो बात ही निराली है। अपने सपने खुद गढ़ लेती है। और फिर उनमें ऐसे रंग भरती है कि अगर कोई उन रंगो को देख या महसूस कर ले तो जीवन की एक अलग आभा में खो जाए।

जीवन चक्र में कई ऐसे पल भी आते हैं जब इंसान जीवन के भंवर में उलझता ही जाता है। मीरा की पहली मुलाकात जब जोसेफ से हुई तो उसने भी इस बात को महसूस नहीं किया था कि जोसेफ से उसकी ये मुलाकात उसके जीवन को क्या मोड़ देगी। 

जोसेफ का वो बच्चे सा मासूम चेहरा, झील सी आँखे, गुलाब की पंखुड़ियों जैसे नर्म, मुलायम होंठ,, लंबा छरहरा बदन, उसे दुनिया का सबसे सुंदर लड़का बनाती थीं। जोसेफ को देखकर मीरा के मन में जो भावनाएं, कल्पनाएं उमड़ी उन्हें शब्दों की भाषा में पिरोना लगभग नामुमकिन है। 

वो पहले प्यार की पहली बारिश जैसा अहसास मीरा में एक नई जान फूँक गया। अब जीवन एक अल्हड़, बेपरवाह ना होकर, चांद की नर्म चांदनी जैसा कोमल, सुकुमार हो गया। 

लेकिन जीवन हमारी इच्छा से कब चलता है और कभी - कभी तो लगता है जैसे भगवान भी इंसान को ज्यादा देर तक खुश देखकर बेचैन हो जाता है। तभी तो वो हर इंसान की जिंदगी में कुछ ऐसे घुमावदार मोड़ देता है कि इंसान के जीवन की गाड़ी की स्पीड इंसान के हाथों में नहीं रहती। 

मीरा के जीवन में बहार ने पूरी तरह दस्तक दी भी नहीं थी कि मीरा का जीवन उथल - पुथल हो गया। एक हँसती खेलती लड़की कब बुत बना दी गई किसी को कानों कान ख़बर भी नहीं हुई। 

कहाँ जा रही हो? किस से बात कर रही हो? क्यों हँस रही थी? ये सब सवाल अब उसके जीवन में एक आम बात हो गए थे। जो मीरा को अंदर तक तोड़ के रख देते। लेकिन वो कुछ बोल नहीं पाती। एक स्त्री ही जब स्त्री की शत्रु बन जाए तो स्त्री के अस्तित्व को शायद खुद भगवान भी नहीं बचा सकते। 

भाभी ने  जब मीरा के चरित्र पर कालिख पोत दी तो मीरा के पास कहने को कुछ बचा नहीं या शायद किसी ने सुना ही नहीं। जिन सपनों के पंख लगा कर आसमान में ऊँची उड़ान भरने की तमन्ना थी वो इतनी बुरी तरह काट डाले गए कि उन जख्मों के निशान उम्र भर दिल से मिट ना सके ।

जीवन का वो पहला अहसास जिसे लोग पहली नज़र का प्यार कहते है, छिन्न -भिन्न होकर धूल में ऐसा मिला के मीरा में उसे समेटने का साहस ही नहीं बचा। 

जोसेफ को पहली बार देखा ऐसा लगा था मानों अब किसी और की चाहत ही नहीं बची। उसे चुपके से मैसेज करना और ओर फ़िर उसके जवाब के इंतज़ार में खुद को बेचैन कर देना मीरा के जीवन का मानों एक अभिन्न अंग बन गया था। लेकिन जोसेफ इन सब भावनाओं से कोसों दूर, बिलकुल अनजान एक आज़ाद पक्षी की तरह अपनी कामयाबी का मज़ा ले रहा था। 

खैर मीरा के जीवन में घटी घटनाओं ने उसी एक बात अच्छी तरह से समझा दी थी कि जिंदगी में सिर्फ़ प्यार ही सब कुछ नहीं है। 

अब उसे अपने आत्म सम्मान के लिए ख़ुद को मजबूत बनाना होगा। पढ़ने में अच्छी होने के कारण मीरा को अपना लक्ष्य निर्धारित करने में ज्यादा देर नहीं लगी। 

मीरा को पढ़ाने का बहुत शौक था और वो अपनी मां की तरह लेक्चरर बनना चाहती थी। कॉलेज में प्रथम श्रेणी में पास होने के बाद जब मास्टर्स डिग्री की बात आई तो वहां भी मीरा को उसकी किस्मत ने धोखा ही दिया, मीरा ज्योग्राफी में स्नातक करना चाहती थी। लेकिन उसी तो अपनी मर्ज़ी की पढ़ाई की भी इजाज़त नहीं थी। भाई ने फरमान ज़ारी किया कि उसे अंग्रेजी में अपनी मास्टर्स डिग्री करनी होगी। मीरा का मन हुआ की इस निरंकुशता के ख़िलाफ़ आवाज उठाए पर वो ऐसा कर नहीं पाई। मन मसोस के रह गई। पिता को बार - बार कहा कि मुझ से नहीं हो पाएगा लेकिन हर बार यही सुनने मिला तुम कर लोगी, कोशिश तो करो। आख़िरकार मीरा ने जैसे - तैसे अंग्रेजी विषयों मे अपनी मास्टर्स डिग्री ली। 

एक लड़की के सपनों की इस पुरुष प्रधान समाज में कोई कीमत नहीं है। ये बात शायद कुछ लोगों को पसंद ना आए पर यह एक कड़वी सच्चाई है। जिसे हर वो लड़की अपने आप को जोड़ कर देख सकती है जिसके सपनों का गला ख़ुद उसके अपने ही लोगों ने घोंट दिया है।

मीरा की शादी जब तय हुई तो उस समय भी मीरा की रज़ामंदी नहीं थी। क्योंकि वो पहले अपने पैरों पर खड़े होना चाहती थी। लेकिन फ़िर वही परिवार की समाज में प्रतिष्ठा के चलते शादी तय कर दी गई, ये कहते हुए कि लड़की उम्र निकलती जा रही है। 

फ़िर एक बार एक और सपने को दफ़न करके अपनी नई जिंदगी में कदम रखा। और अब तो स्थिति और भी बुरी होने वाली थी। दुनिया के छल  कपट से दूर मीरा एक ऐसे शख्स से बंधी जहां उसकी भावनाओं का कोई महत्व नहीं था। 

मीरा जिसने कभी जोसेफ़ जैसे लड़के को पसंद किया था , इस बात से अनजान थी कि हर पति अपनी पत्नी के साथ प्रेमपूर्ण नहीं होता। मीरा को इस कठोर  सच से पहले रूबरू होने में और फिर इसे अपने जीवन में इतने करीब से महसूस करना कितना पीड़ादायक था,उसे या तो मीरा जानती थी या उसका अंतर्मन। जीवन के इस पहलू में उसे कब पुरुष की बेरुखी की आदत पड़ गई उसे ख़ुद पता नहीं चला। 

लेकिन जब बात आत्मसम्मान की होती तो मीरा छटपटा जाती अपने अस्तित्व को बचाने के लिए। हमने तो इसलिए ये रिश्ता लिया था क्योंकि हमें उम्मीद थी कि तुम्हें सरकारी नौकरी मिलेगी। तुम तो छोटे कद की हो, तुम्हारा और हमारे बेटे का कोई जोड़ नहीं है। तुम्हें कोई काम ढंग से नहीं करना आता। ऐसी बातें सुनने की मीरा को अब आदत हो गई थी। फिर भी अपने मन की बात को मन में ही रख कर घर में हमेशा खुश रहने की कोशिश करती। हर छोटे-बड़े सदस्य की पसंद - नापसंद का ख्याल रखती। लेकिन बदले में उसे क्या मिलता सिवाय दिल के बार - बार टूटने के। कभी अपने पति के साथ कहीं घूमने तक नहीं जा सकती थी। 


 


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Drama