जिंदगी के सफर में
जिंदगी के सफर में
जिंदगी के सफर में आते हैं बहुत सारे पड़ाव
जिनका रहता है हम पर
जिंदगी भर प्रभाव ।
इस सफर में कुछ
सुख के टापू आते हैं
जहां हम मौज मस्ती करते हैं
खेलते कूदते हैं
बहारों का आनंद लेते हैं
सपने बुनते हैं, गुनगुनाते हैं ।
मगर इस सफर में
ऊंचे पहाड़ और
गहरी खाइयां भी आती हैं
ये खाइयां हमें जबरन
अपनी ओर आकर्षित करतीं हैं
पहाड़ रास्ता रोक लेते हैं
दोनों ही हमें आगे बढ़ने से
रोकने का पूरा प्रयास करते हैं ।
ये हमारा कौशल है कि हम
किस तरह इन पहाड़ों और
खाइयों से निजात पाते हैं
कैसे अपने सफ़र पर चलते जाते हैं
गमों से मुक्ति पा लेते हैं या
उनमें डूबकर तबाह हो जाते हैं ।
इस सफर में बहुत से लोग मिलते हैं
कुछ जाने पहचाने
तो कुछ एकदम अजनबी
कोई रुला जाता है तो कोई
हमारा दामन खुशियों से भर जाता है
किसी का साथ अच्छा लगने लगता है
उसकी बातें गुदगुदाती हैं
उसकी सांसों से महक आती है
उसकी धड़कन सरगम गाती हैं
उसकी आंखों से प्रेम झलकता है
पता ही नहीं लगता कि
उसका प्रेम कब मन ही मन में पलता है
और वह अजनबी हमसफ़र बन जाता है
बादल बनकर वह
हमारे दिलो-दिमाग पर छा जाता है
फिर दुनिया सतरंगी लगने लगती है
तारों को छूने की ख्वाहिश जगती है
उसके बिना एक पल गुजारना
असंभव सा लगता है
वो अजनबी इस मन मंदिर का
देवता सा लगता है ।
उसे देखे बिना चैन नहीं
कान उसकी आवाज सुनने को
हरदम व्याकुल रहते हैं
सांसें उसी के नाम से चलतीं हैं
दिमाग में बस वही छाये रहते हैं ।
मगर ये तो सफ़र है जिंदगी का
इसमें लोग बिछुड़ भी जाते हैं
और जब कोई हमसफ़र
बिछुड़ जाता है तो
सफर पूरा करना मुश्किल हो जाता है
आंखें पथरा जाती हैं
दिल मूर्ति के बिना
खाली मंदिर सा हो जाता है
दुनिया वीरान सी लगने लगती है
बहारें पतझड़ में तब्दील हो जाती हैं
आदमी भीड़ में भी अकेला रह जाता है
लोग रास्ता भटक जाते हैं
कुछ गहरी खाई में गिर जाते हैं
कुछ कांटों में उलझ जाते हैं
कुछ झंझावातों में फंस जाते हैं
तो कुछ "छलियों" के द्वारा
ठग लिए जाते हैं ।
ऊंचे नीचे रास्तों पे चलकर
धूल पत्थर झाड़ियों से बचकर
बेइमान धूर्त लोगों से दूर रहकर
अपने रास्ते पर अनवरत चलने वाले
एक ना एक दिन
मंजिल पर जरूर पहुंचते हैं ।
लक्ष्य को ध्यान में रखकर
सज्जन का साथ लेकर
सकारात्मकता , जोश और
नई ऊर्जा के साथ
प्रेम की वर्षा करते हुए
चलते रहिए
आखिर कब तक दूर भागेगी मंजिल ?
