इस दुनिया में रखा क्या है
इस दुनिया में रखा क्या है
एक निराशावादी दृष्टिकोण है ये
कि"इस दुनिया में रखा क्या है"
जो लोग नकारात्मक सोच रखते हैं
जिन्हें दुनिया में कुछ भी अच्छा नहीं दिखता
वही लोग कह सकते हैं कि
इस दुनिया में रखा क्या है ?
आंखें खोलकर देखिए
दिमाग के दरवाजे खोलिए
दिलों के बंद कपाट खोलिए
सोच के दायरे को विस्तार दीजिए
बाहें फैलाकर एक बार तो देखिये
मुस्कुराकर सबसे मिलिये तो सही
दिल से दिल मिलाकर देखिए तो सही
फिर आप पायेंगेगे कि
यह दुनिया कितनी खूबसूरत है
जिंदगी कितनी हसीन है.
भोर की किरण में जीवन दिखाई देगा
मस्त पवन में खुशबू महसूस होगी
खुले आसमान में आनंद का सागर होगा
रिमझिम बारिश में अमर महासागर होगा
तारों की रोशनी में आशा नजर आयेगी
चांद से भी सुंदर ये ज़मीं नजर आयेगी
पक्षियों का सामूहिक कलरव उमंग भरेगा
फूलों का कोमल अहसास मन में रंग भरेगा
कलियों का प्यार दिल जीत लेगा
अपनों का मधुर संसार प्रीत से सजेगा
झरनों का मधुर संगीत नया साज छेड़ेगा
पहाड़ों का सुनहरा रूप नया अंदाज छेड़ेगा
मां बाप के रूप में भगवान नजर आयेंगे
पत्नी के रूप में दिल के अरमान नजर आयेंगे
बच्चों की किलकारियां ताजगी भर देगी
यारों की यारियां दुश्वारियां हर लेंगी
चुनौतियां आपके हौंसले बढ़ाएंगी
असफलता ही सफलता की राह दिखायेगी
जीवन प्रकाश से परिपूर्ण हो जायेगा
निराशा का नामोनिशान मिट जायेगा
जिंदगानी झूमती दिखाई देगी
फिर ये दुनिया जन्नत से हंसीन लगने लगेगी ।
