कामचोरो की बार्बी एक्सप्रेस
कामचोरो की बार्बी एक्सप्रेस
लेखक: उमेश चंद्रकांत मुरकर
(यह एक पूरी तरह से काल्पनिक हास्य-व्यंग्य कथा है। इसका किसी भी जीवित या मृत व्यक्ति, अथवा किसी कंपनी से कोई संबंध पाया जाता है, तो उसे महज एक संयोग समझा जाए।)
शुक्रवार की सुबह मुंबई के कॉर्पोरेट दफ्तरों में एक अलग ही रौनक लेकर आती है—शनिवार और रविवार की छुट्टी की मीठी आहट!
अंधेरी के चकाला इलाके की एक नामचीन एआई (AI) कंपनी के दफ्तर में सुबह से ही एक से बढ़कर एक अतरंगी चेहरे पहुंचने लगे थे। आज कंपनी के एमडी वेंकटेश राव साहब छुट्टी पर हैं, यह खबर पहले ही लीक हो चुकी थी, इसलिए पूरा दफ्तर फुल रिलैक्स मूड में था। इस भीड़ में बस एक ही इंसान अलग था—सिद्धार्थ कुलकर्णी!
विरार से लोकल ट्रेन की भारी भीड़ को चीरते हुए सिद्धार्थ ठीक पौने नौ बजे अपनी डेस्क पर आ बैठा था। अपने हिस्से का काम, दूसरों के अधूरे छोड़े गए काम और बीच-बीच में बॉस के फोन पर बताए गए निर्देश—यही उसकी रोज की कहानी थी।
नौ बजे की ड्यूटी होने के बावजूद सवा नौ बजे गुरप्रीत सिंह आराम से टहलते हुए आए। उनके ठीक पीछे साढ़े नौ बजे बांद्रा की ब्यूटी क्वीन निधि बनर्जी की एंट्री हुई। किसी के भी चेहरे पर देर से आने का रत्ती भर भी अफसोस नहीं था
और ठीक सिद्धार्थ के बगल वाली सीट पर बैठी थीं सुवर्णा भाभी! उन्हें दफ्तर के काम से ज्यादा इस बात की फिक्र रहती थी कि सिद्धार्थ ने सुबह नाश्ता किया या नहीं। वे जैसे ही अपनी सीट पर बैठीं, बड़ा-सा टिफिन खोलते हुए बोलीं, "अरे सिद्धू, तुम बहुत दुबले हो गए हो, पहले ये गरमागरम मेथी के पराठे खाओ! पता है, मेरे पति सरकारी दफ्तर में बड़े अफसर हैं, उन्हें भी मैं रोज ऐसे ही टिफिन देती हूं। और मेरा छोटा भाई तो पायलट है, कल ही लंदन की फ्लाइट लेकर उड़ा है..."
दफ्तर के अंदर का नजारा किसी नाटक से कम नहीं था। एक सहकर्मी लैपटॉप खोलकर श्रद्धा से उसके दर्शन कर रहा था, तो दूसरा लैपटॉप चालू होते ही चायवाले रामू काका को चाय का ऑर्डर दे रहा था। राकेश ईमेल देखने के बजाय फोन पर अपनी 'स्वीटी' से शायरी करने में मग्न था, तो कार्तिक अय्यर कैलेंडर खोलकर सोमवार की छुट्टी जोड़ते हुए गोवा की टिकट तलाश रहा था। ऊपर से दफ्तर का एसी (AC) हर आधे घंटे में दम तोड़कर गर्म हवा फेंकने लगता था।
लेकिन इन सभी को इस बात की जरा भी भनक नहीं थी कि छुट्टी पर गए एमडी वेंकटेश राव अपने घर से मोबाइल पर दफ्तर के सीसीटीवी कैमरों के जरिए यह सारा तमाशा लाइव देख रहे थे।
ठीक सुबह दस बजे सिद्धार्थ की डेस्क पर अफरा-तफरी का असली तूफान आया! एक ही पल में उसका मोबाइल और ऑफिस का फोन एक साथ घनघना उठे। एक तरफ बॉस राव साहब थे, दूसरी तरफ कूरियर वाले गुप्ता, तीसरी लाइन पर खिलौने वाले गुप्ता और ठीक सामने चाय का कप लिए रामू काका खड़े थे।
बॉस राव साहब ने फोन पर पूछा, "अरे सिद्धार्थ, उस गुप्ता की फाइल का क्या हुआ?"
दोनों फोन कानों से लगाए सिद्धार्थ हड़बड़ा कर बोला, "खिलौने वाले का या कूरियर वाले का सर?"
राव साहब चिढ़कर बोले, "अरे कूरियर वाला जान खा रहा है मेरी!"
सिद्धार्थ पसीना पोंछते हुए बोला, "सर, दूसरी लाइन पर खिलौने वाला है... आप पर कूरियर वाला है, और मेरे कान पर खिलौने वाला झुनझुना बजा रहा है!"
एक साथ दोनों लाइनों पर बात सुनकर बॉस और कूरियर वाले गुप्ता दोनों चौंक गए। बॉस ने गुस्से में पूछा, "क्या कहा?" तो उधर से कूरियर वाले गुप्ता भड़क उठे, "क्या बक रहे हो?" इधर सामने चाय ठंडी होते देख सिद्धार्थ झल्लाकर बोला, "अरे यार, इधर उछल-कूद मचाने से अच्छा एक फोन तो ठीक से अटेंड करो... रामू काका, चाय ठंडी हो गई!" यह सुनते ही बॉस गरजे, "मुझे फोन अटेंड करने को कैसे कह रहे हो सिद्धार्थ?" तभी तीसरी लाइन पर होल्ड पर खड़े खिलौने वाले गुप्ता की आवाज गूंजी, "अरे भाई साहब, मैं न चाय की बात कर रहा हूं, न कूरियर की... मैं तो अपने खिलौनों की बात कर रहा हूं!"
जैसे-तैसे सिद्धार्थ ने हाथ जोड़कर सभी को शांत किया और शाम तक रिपोर्ट भेजने का वादा करके फोन रखा।
फोन रखते ही सिद्धार्थ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वह झुंझलाकर सीधा अपनी कुर्सी पर खड़ा हो गया और चिल्लाकर बोला, "भाई, तुम लोगों की तो फुल ऐश है! इधर मेरा ट्रैफिक पुलिस बना के रखा है! कूरियर वाले को छोड़ूं तो खिलौने वाला भटक जाता है, और खिलौने वाले को छोड़ूं तो तुम सब काम टालकर निकल जाते हो! अरे यार, कम से कम एकाध फोन तो अटेंड किया करो!"
लेकिन किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। गलत शेयर पर दांव लगाकर बैठा गुरप्रीत स्क्रीन देखते हुए बोला, "अरे वाह, यह अच्छा आइडिया है! अब मैं खिलौनों के स्टॉक पर पैसा लगाता हूं!" राकेश इठलाते हुए बोला, "स्वीटी, तुम ध्यान मत दिया करो, यहां बीच-बीच में ऐसी सीटी बजती रहती है!" निधि ने अपने दोनों हाथ हवा में लहराते हुए कहा, "मेरे तो दोनों हाथों में मेहंदी लगी है, अब मैं फोन कैसे उठाऊं?" कार्तिक खुशी से उछलते हुए चिल्लाया, "टिकट कन्फर्म! अरे सिद्धार्थ, तू कुर्सी पर खड़ा होकर क्या कर रहा है? नीचे उतर!" और सुवर्णा भाभी ने कटोरी आगे बढ़ाते हुए कहा, "अरे सिद्धू, पहले नीचे उतर और ये सूजी का हलवा खा! खाली पेट गुस्सा आता है। मेरे पायलट भाई को भी जब गुस्सा आता है ना, तो भाभी उसे हलवा ही खिलाती है!"
सिद्धार्थ सिर पीटकर बैठ गया। इसके बाद तो दफ्तर में काम टालने का अनोखा खेल शुरू हो गया। सेल्स विभाग से एक कर्मचारी भागता हुआ आया और आठवले साहब का नंबर मांगने लगा। गुरप्रीत ने निधि की तरफ उंगली दिखाई, निधि ने कार्तिक की तरफ और कार्तिक ने सुवर्णा भाभी की तरफ! सुवर्णा भाभी ने मासूमियत से पूछा, "कौन आठवले? वही ना जो नाके पर बटाटा वड़ा बेचता है?" आखिरकार सिद्धार्थ ने ही नंबर निकालकर दिया। थोड़ी देर बाद अकाउंट्स की मैडम 'शर्मा टेक्सटाइल' के क्रेडिट कार्ड फॉर्म के लिए आईं, तो फिर वही उंगली घुमाने का खेल चला और सुवर्णा भाभी बोलीं, "कौन शर्मा? जिसकी दुकान की मिठाई हमेशा सड़ी हुई निकलती है?" बेचारा सिद्धार्थ फिर उठा और फॉर्म का प्रिंट निकालकर दिया।
दुपहर में तो हद ही हो गई! बॉस के नाम का एक जरूरी कूरियर पार्सल आया, जिस पर बस एक साइन करना था। निधि मेहंदी सुखा रही थी, कार्तिक वीडियो गेम खेल रहा था, गुरप्रीत शेयर बाजार में 'स्टॉप लॉस' लगा रहा था, और सुवर्णा भाभी लैपटॉप पर 'बटर चिकन बिरयानी' की रेसिपी देख रही थीं! उस वक्त सिद्धार्थ बाथरूम गया हुआ था। जब कोई आगे नहीं आया, तो पास खड़े चायवाले रामू काका ने बड़ी शान से पेन उठाया और बॉस के पार्सल पर खुद ही साइन करके कूरियर वाले को रवाना कर दिया!
अभी यह ड्रामा खत्म भी नहीं हुआ था कि तभी पानी की बड़ी बिसलेरी बोतल कंधे पर लादे डिलीवरी वाला लड़का दफ्तर में दाखिल हुआ। बाकी सब को आराम फरमाते देख उसने सीधे सिद्धार्थ को आवाज लगाई, "ओ भैया! जरा इधर आना, यह बोतल को हाथ लगाना... टेढ़ा मत लगाना, बराबर सीधा लगाना, रोज का काम है मेरा!" यह सुनते ही सिद्धार्थ ने अपना सिर पकड़ लिया—अब तो बाहर वालों को भी लगने लगा था कि इस पूरे दफ्तर का इकलौता मजदूर वही है!
शाम के साढ़े चार बजते ही सबने अपने-अपने काम सिद्धार्थ पर थोपे और रफूचक्कर हो गए। गुरप्रीत 'गुप्ता प्राइवेट लिमिटेड' की फाइल थमाकर दोस्त के घर निकल लिए, निधि ने अपनी एक्सेल रिपोर्ट सिद्धार्थ से बनवाकर अपने नाम से बॉस को मेल की और रिश्तेदारों के यहां भाग निकली, राकेश शर्मा क्लाइंट का फीडबैक सिद्धार्थ के जिम्मे छोड़कर स्वीटी के पापा से मिलने चला गया, कार्तिक गोवा की ट्रेन पकड़ने दौड़ा, और सुवर्णा भाभी अपने सरकारी अफसर पति के लिए खाना बनाने और पायलट भाई के वीडियो कॉल का बहाना बनाकर बचा हुआ पराठा सिद्धार्थ के लिए छोड़ गईं।
पूरे दफ्तर में अकेला सिद्धार्थ रह गया। तभी उसकी डेस्क पर रखा फोन घनघना उठा। दूसरी तरफ से आवाज आई, "हैलो, हम पागलखाने से बोल रहे हैं! हमारे अस्पताल में सौ पागल हैं—पचास पूरे और पचास आधे! क्या एआई (AI) की मदद से हम उनका एनालिसिस कर सकते हैं?"
सिद्धार्थ ने माथा पीटते हुए सोचा कि आधे पागल तो अभी-अभी मेरे ऑफिस से निकलकर गए हैं! फिर भी वह बोला, "जी हां, अभी डेटा भेज दीजिए, आठ दिन में रिपोर्ट मिल जाएगी। लेकिन उससे पहले आपकी तरफ से किसी को यहां आकर मिलना पड़ेगा।"
उधर से सवाल आया, "किसको मिलना है?"
सिद्धार्थ ने गहरी सांस ली और बोला, "आपके यहां पचास पूरे पागल हैं ना, आप किसी से भी मिल सकते हैं!"
फोन रखकर सिद्धार्थ हंस पड़ा, लेकिन स्क्रीन पर नजर पड़ते ही उसके होश उड़ गए। डेडलाइन ठीक पांच बजे की थी और सामने दोनों गुप्ता कंपनियों की फाइलें खुली थीं। उमस और घबराहट में वह बुदबुदाया, "हे भगवान, यह डेटा किसका है? खिलौने वाले गुप्ता का या कूरियर वाले गुप्ता का?"
ठीक चार बजकर पचपन मिनट पर रामू काका देरी से चाय लेकर आए। सिद्धार्थ ने चिढ़कर पूछा, "रामू काका, इतनी देर क्यों कर दी?"
रामू काका बेशर्मी से मुस्कुराते हुए बोले, "अरे साहब, आप जल्दी चाय पीते नहीं हैं, इसलिए गिलास वापस लेने के लिए इंतजार करना पड़ता है!"
इस जवाब से सिद्धार्थ चौंका, काका का हाथ उसकी कोहनी से टकराया, माउस फिसला और दोनों गुप्ता कंपनियों की फाइलें आपस में मिक्स हो गईं! घबराए सिद्धार्थ ने सीधे एमडी वेंकटेश राव को फोन मिलाया। दिन भर कैमरे पर सिद्धार्थ की मेहनत देख चुके राव साहब ने पूरे भरोसे से कहा, "सिद्धार्थ, तुम पर मेरा अंधा विश्वास है। बेफिक्र होकर ईमेल भेज दो!"
सोमवार की सुबह - ईमेल का विस्फोट
सोमवार की सुबह दोनों गुप्ता कंपनियों के गुस्से से भरे ईमेल आ धमके। खिलौने वाले गुप्ता ने लिखा था, "हम झुनझुने और टेडी बियर बेचते हैं। आपकी एआई रिपोर्ट ने हमें पचास नए टेंपो खरीदने का सुझाव दिया है। हमारा चौकीदार भी दिन में सोता है, हम इतने ड्राइवर कहां से लाएंगे?" वहीं कूरियर वाले गुप्ता ने लिखा था, "आपकी रिपोर्ट के मुताबिक मुनाफा बढ़ाने के लिए हमें 'नाचने वाली बार्बी डॉल' बेचनी चाहिए। क्या हमारा कूरियर बॉय पार्सल देते समय ग्राहक के दरवाजे पर नृत्य करेगा?"
ईमेल पढ़कर राव साहब ने गुस्सा होने का जबरदस्त नाटक किया। मौका देखते ही निधि और गुरप्रीत कान भरने के लिए दौड़ पड़े। निधि बोली, "सर, मैं तो पहले ही कह रही थी, सिद्धार्थ काम में बहुत गड़बड़ करता है।" गुरप्रीत ने भी सुर में सुर मिलाया, "हां पाजी, इसने कंपनी की इज्जत मिट्टी में मिला दी।"
राव साहब ने सिद्धार्थ को अपने केबिन में बुलाया और गुस्से का नाटक करते हुए गरजे, "सिद्धार्थ! यह कैसी बेवकूफी भरी रिपोर्ट भेजी है तुमने?" सिद्धार्थ डर से थर-थर कांपता हुआ खड़ा था।
तभी राव साहब का फोन घनघना उठा। दूसरी ओर दोनों गुप्ता कॉन्फ्रेंस कॉल पर थे। उनकी बात सुनते ही राव साहब का चेहरा खुशी से खिल उठा।
फोन रखकर वे सिद्धार्थ की पीठ थपथपाते हुए बोले, "कमाल कर दिया सिद्धार्थ! तुम्हारी रिपोर्ट की वजह से खिलौने वाले गुप्ता को सीधे ग्राहकों तक 'होम डिलीवरी' देने का आइडिया सूझा, और कूरियर वाले गुप्ता को अपने खाली टेंपो से खिलौने पहुंचाने का कॉन्ट्रैक्ट मिल गया! दोनों ने पांच करोड़ की डील साइन की है और हमारी कंपनी को दस लाख का बोनस दिया है। इसमें से एक लाख तुम्हारे!" यह सुनते ही चुगली करने वाले निधि और गुरप्रीत अपना-सा मुंह लेकर रह गए।
इसके बाद राव साहब ने शुक्रवार की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का वीडियो पूरे स्टाफ के सामने बड़ी स्क्रीन पर चला दिया। अपने ही कारनामे पर्दे पर देखकर सबके चेहरे सफेद पड़ गए।
राव साहब ने सबको सख्त चेतावनी दी, "मैं घर बैठे यह सारा तमाशा देख रहा था! निधि मैडम, सिद्धार्थ से एक्सेल रिपोर्ट बनवाकर अपने नाम से भेजते हुए जरा भी शर्म नहीं आई? राकेश, तुम्हारी 'स्वीटी के पापा से मिलने' की लव स्टोरी और काम दूसरों पर टालना कल से एचआर (HR) विभाग के सामने चलेगा! कार्तिक, तुम्हारा गोवा का वीकेंड अब परमानेंट छुट्टी में बदल सकता है! गुरप्रीत, दूसरों पर अपनी परियोजनाएं थोपना बंद करो! और सुवर्णा मैडम, यह दफ्तर है, कोई लंगर या आपके पायलट भाई का एयरपोर्ट नहीं, जहां आप बटर चिकन की रेसिपी देखते हुए अपना काम सिद्धार्थ पर थोप दें!"
इसके बाद राव साहब ने बेहद गुस्से में सबकी ओर देखते हुए कहा, "और हद तो तब हो गई जब मेरा इतना जरूरी ऑफिशियल पार्सल आया और आप में से किसी ने उसे लेने की जहमत तक नहीं उठाई! अगर रामू काका जैसा कोई भी अनधिकृत आदमी दफ्तर के जरूरी कागजों पर यूं ही साइन करेगा, तो फिर ठीक है—अब आप सबके पीएफ (PF) फॉर्म पर भी साइन करने के लिए मैं रामू काका को ही बुला लेता हूं!"
पीएफ (PF) फॉर्म का नाम सुनते ही सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंत में राव साहब ने गंभीर आवाज में अपना अंतिम फैसला सुनाया, "अब जब सबका काम अकेला यही करेगा, तो सबका वेतन भी मैं इसी को देता हूं! आप सभी अपना बोरिया-बिस्तर समेटिए—गोवा जाइए, दोस्त के घर जाइए, स्वीटी को घुमाइए, पराठे खिलाइए, देर से आइए या मत आइए... अब यह कंपनी यह सब बर्दाश्त नहीं करेगी!"
सभी कर्मचारी सिर झुकाए सन्न बैठे रहे और सिद्धार्थ ने विजयी मुस्कान के साथ मन ही मन कहा, "आज तो बोनस और वेतन लेने के लिए भी सबको एकमात्र मैं ही सीधा मिला!"
(समाप्त)
आई जीवदानी मातेचा उदो उदो! 🙏🌺
