चिड़िया
चिड़िया
1 min
322
कोई कह रहा था कल
लड़कियाँ चिड़ियों की तरह होती है
चहकती है
फुदकती है
मेरे खामोशी पर दोबारा कहने लगा वह
लड़कियाँ चिड़ियों की तरह होती है
खाती-पीती है
फिर उड़ जाती है
आँगन आँगन दाना चुगती चिड़िया
चोंच में दाना भर घोसले में जाती चिड़िया
बरबस याद दिलाती है मुझे
लड़कियाँ चिड़ियों की तरह होती है
बारिश के पहले तिनके लाती चिड़िया देख
कहानी की चिड़िया सच लगने लगती है
सचमुच लड़कियाँ चिड़ियों की तरह होती है
जैसे चिड़ियाँ आज़ाद होती है
क्या लड़कियाँ आजाद होती है?
वह सही नहीं कह रहा था
लड़कियाँ कहाँ चिड़ियों की तरह होती है?
