Kumar Vikrant

Children Stories Fantasy

3  

Kumar Vikrant

Children Stories Fantasy

मुकदमा

मुकदमा

5 mins
319


एक दूसरे से पके हैरी पॉटर और क्रिष जुबली पार्क में इधर-उधर घूम रहे थे। क्रिष की निगाह पार्क पर घूमती खूबसूरत लड़कियों पर थी जबकि हैरी पॉटर पेड़ो की शाख पर बैठे उल्लुओ को देख रहा था। तभी वहाँ मटमैले रंग का एक गधा आ टपका और ढेंचू-ढेंचू का शोर मचाने लगा। 

"अबे जादूगर की दुम बंद कर इसकी ढेंचू-ढेंचू......." क्रिष चिल्ला कर बोला। 

"तुम्हारा नौकर नहीं हूँ.........खुद बंद कर ले इसकी ढेंचू-ढेंचू........अरे ठहर ये तो कुछ कह रहा है......." हैरी पॉटर गधे की तरफ गौर से देखते हुए बोला। 

"तेरी बिरादरी का है......जरा सुनकर बता क्या कह रहा है.......?" क्रिष मुस्करा कर बोला। 

"अबे हॉलीवुड के सुपर हीरोज के मिक्सचर की नकल मेरी तो कोई बिरादरी भी है तू अपनी बता....... खैर ये कह रहा है कि हम दोनों को किसी चाय पार्टी पर चलना है, और ये गधा हमें उसी चाय पार्टी में ले जाने आया है......" हैरी पॉटर गधे की तरफ गौर से देखते हुए बोला।

"तो बैठ ले, मुफ्त का माल तो जहाँ से मिल जाए खा लेना चाहिए।" कहते हुए क्रिष गधे पर जा बैठा। 

उसकी देखा देखी हैरी पॉटर भी गधे पर सवार हो गया और गधा चींटी की चाल चल पड़ा और पूरे पार्क के चक्कर लगाने लगा। लोग उन दोनों को गधे पर बैठे देख मुस्कराने लगे। 

"अबे क्या मुसीबत है, ये गधा किसी चाय पार्टी में ले जाने के लिए आया है या हमारी इज्जत का दिवाला निकालने आया है।" क्रिष गुर्राते हुए बोला। 

"अबे गधे पर इसके कान पकड़ कर तो बैठ गया अरे इसे एड़ी भी तो मार, तभी चलेगा ये......नहीं तो काटता रहेगा पूरे दिन इस पार्क के चक्कर।" हैरी पॉटर ने थोड़ा गुस्से से कहा। 

"अबे तू ही चलता होगा गधो पे इसलिए उन्हें चलाना तुझे ही आता है......." कहते हुए क्रिष ने गधे को एक जोरदार एड़ी मारी। 

एड़ी लगते ही गधा ताबड़-तौड़ भागा। उसकी तेजी देख कर क्रिष ने गधे के कान कस कर पकड़ लिए और उसकी देखा-देखी हैरी पॉटर ने ने क्रिष के कान कस कर पकड़ लिए। 

"अबे पागल है क्या.....मेरे कान छोड़......अबे मेरा मास्क उतर जाएगा......" क्रिष गुस्से से चिल्लाया। 

गधे की गति बढ़ती चली गयी तभी सामने एक पेड़ के तने में एक मांद जैसा गड्ढा दिखा और गधे ने आव देखा न ताव सीधे मांद में छलांग लगा दी। 

"अबे मरवा दिया......अबे एड़ी मार कर इसे गड्ढे में कूदा दिया.....अबे यहाँ तो मेरा जादू भी काम नहीं कर रहा है....." हैरी पॉटर रोते हुए बोला। 

"चुप कर रोतडू.....अभी ये सोच नीचे गिरकर जिंदा बचेंगे भी या नहीं?" क्रिष गुस्से से चिल्लाया। 

उसके बाद वो उस गड्ढे में गिरते रहे, गिरते रहे घंटों गिरते रहे, गधा अब तक गायब हो चुका था। 

"अबे ये गड्ढा है या कोई मुसीबत, घंटों हो गए गिरते हुए लेकिन अभी कहीं भी नहीं पहुँचे है......" क्रिष उबासी लेते हुए बोला। 

"पता नहीं है ये क्या मुसीबत है.......मैं तो एक नींद ले रहा हूँ......." कहकर हैरी पॉटर ने अपनी आँखें बंद कर ली।

एक घंटे बाद दोनों सोते-जागते एक कठोर सतह पर जा गिरे वो सतह कुछ और नहीं गधे की पीठ थी। 

"अबे अंधो पीठ तोड़ दी मेरी....." गधा चिल्ला कर बोला और दोनों को एक-एक दुलत्ती रसीद की। 

"अबे बोलना तो सीख गया लेकिन दुलत्ती मारनी न छोड़ी। ...." क्रिष अपना पिछवाड़ा सहलाते हुए बोला। 

"अभी तो दुलत्ती लगी है थोड़ी देर बाद तुम्हारे सिर काटे जायेंगे....." गधा गुस्से से बोला। 

"क्यों काटे जाएंगे, कौन काटेगा, ये कौन सी जगह है? हैरी पॉटर अपनी जादुई छड़ी घुमाते हुए बोला। 

"अबे ये वंडरलैंड है यहाँ तेरा जादू चलेगा न उस गधे की सुपर पावर, अब चुपचाप जो कहूँ करते रहो नहीं तो और दुलत्तियाँ पड़ेगी।" गधा हँसते हुए बोला। 

अब तक हैरी पॉटर और क्रिष की समझ में आ चुका था कि वो दोनों किसी भयंकर जगह फंस चुके है इसलिए दोनों ने गधे की बात माननी ही उचित समझी। वो गधे के दिए सड़े गले केक और कुकुरमुत्ते खाते हुए और बदबूदार पानी पीते हुए आगे बढ़ चले। कभी वो दोनों बावन गज के हो जाते और कभी चींटी से भी छोटे। बीच-बीच में उन्हें अजीबो गरीब जुड़वे और जानवर मिले और वो भी उनके पीछे चल पड़े। घंटों तक वो बदबूदार केक और कुकुरमुत्ते खाने के बाद वो एक गुलाबों के बगीचे में जा पहुँचे वहाँ कुछ ताश के पत्ते नुमा सैनिक सफ़ेद गुलाबों में लाल रंग भर रहे थे। 

"अबे ये क्या ड्रामा है......" क्रिष हँसते हुए बोला। 

"अबे तू मुर्ख है, ये वंडरलैंड है यहाँ कुछ भी हो सकता है।" हैरी पॉटर गुस्से से बोला। 

"बकवास बंद....." नहीं तो समय से पहले तुम्हारी गर्दन काट दी जाएंगी।" गधा गुर्रा कर बोला।

"सही कह रहा है तू.....गर्दन काट दो इनकी।" तभी वहाँ एक महिला की आवाज गूँज उठी। 

तभी वहाँ ताश के पत्तों की बेगम आ गई और उन दोनों को घूरकर देखने लगी। 

"ऐंवे ही गर्दन काट दो..... कसूर क्या है हमारा?" क्रिष और हैरी पॉटर चिल्ला कर बोले। 

"इन्हें बोलने की तमीज नहीं है, गधे इन्हें थोड़ी तमीज सिखाओ....." बेगम अपने सिंहासन पर बैठते हुए बोली। 

गधे ने उन्हें एक-एक दुलत्ती रसीद की और बोला, "अबे चुप रहो....नहीं तो वक़्त से पहले मार दिए जाओगे।"

तभी वहाँ मैड हैटर नाम का आदमी आया और बोला, "महारानी इनकी गर्दन कलम करने से पहले इन पर मुकदमा तो चला लो।" 

"तो चलाओ और बुलाओ ज्यूरी......" बेगम गुस्से से बोली। 

थोड़ी देर बाद अदालत लग गई उनके साथ आये जानवर और जुड़वे ज्यूरी बॉक्स में बैठ गए और मैड हैटर ने मुकदमा शुरू किया, "महारानी इन पर इल्जाम तो बहुत है लेकिन हैरी पॉटर पर मुख्य इल्जाम है कि कहाँ है वो जादुई दुनिया जिसके चक्कर में इसने सारी दुनिया को पागल बना रखा है? क्रिष पर इल्जाम है कि चाहे ये अपने मास्क को पहने या न पहने लेकिन लगता बिलकुल एक जैसा ही है तो ये मास्क पहनने का ढोंग क्यों करता है?"

"जवाब दो दोनों?" रानी गुर्रा कर बोली। 

"हम क्या करें हमें बनाने वालों ने हमसे जो कराया वही हमने किया......." क्रिष और हैरी पॉटर रो रो कर बोले। 

"बंद करो ये रोना-धोना, गलती इनकी नहीं है इसलिए इनके सिर काटने के बजाय इन्हें दुलत्ती मार कर दफा करो और इनके बनाने वालों को यहाँ पकड़ कर लाओ।" बेगम ने अपना निर्णय सुनाया। 

गधे ने आव देखा न ताव और दोनों को एक-एक दुलत्ती रसीद की। 

तभी उन दोनों की आँख खुली वो दोनों जुबली पार्क में लेटे हुए सो गए थे और वो वास्तव में वंडरलैंड गए थे या नहीं इसकी उन्हें पक्की जानकारी न थी।


Rate this content
Log in