STORYMIRROR

Rajesh Chandrani Madanlal Jain

Children Stories Inspirational

4  

Rajesh Chandrani Madanlal Jain

Children Stories Inspirational

बालिका मेधा 1.30

बालिका मेधा 1.30

5 mins
272

इस समय तक शबनम स्कूल नियमित आने लगी थी। वह अकेली होती थी। लड़कियां उससे बचतीं थीं। एक दिन मैंने शबनम पर ध्यान दिया तो मुझे उस पर दया आई थी। मुझे स्मरण आया कि पीयूष के मैथ्स टीचर वाले प्रकरण में, जब मैंने मम्मा से बताया था तब उन्होंने मुझे उससे फ्रेंडशिप करने को कहा था। अब जब शबनम अकेली हुई है, तब इस बार मम्मा ने मुझे ऐसा करने के लिए नहीं कहा है। 

मैंने घर में मम्मा से बताया था - "शबनम, स्कूल अब रोज आती है मगर अधिकतर समय वह बेचारी अकेली होती है। लड़कियां उससे बचतीं हैं, और शबनम लड़कियों से बच कर रहती है।" 

मम्मी ने कहा -"हाँ ऐसा होता है। किसी धूर्त पुरुष के झाँसे में आई बालिका के साथ, हमें सहानुभूति होनी चाहिए। तब भी हम उसकी बहुत सहायता नहीं कर पाते हैं।" 

मैंने पूछा -"मम्मा, क्या पीयूष और मुझे मिलकर शबनम का साथ करना चाहिए?"

मम्मी ने कहा -"यह समय दसवीं बोर्ड का है। और आगे भी दो क्लास में तुम्हारा अच्छा पढ़ना अत्यंत महत्वपूर्ण है। शबनम का केस भी अधिक बिगड़ा हुआ है। इसलिए मैंने तुमसे यह करने को नहीं कहा है।" 

मैंने कहा -"मम्मा, हम दूसरी कोई नहीं किंतु पढ़ाई में तो उसकी मदद कर ही सकते हैं।" 

मम्मा ने सोचते हुए कहा -"अगर शबनम तुम दोनों का साथ करे तो यह करके देख सकती हो। बस इतना ध्यान रखना कि उसके अच्छे के चक्कर में, तुम दोनों की अपनी पढ़ाई कम न हो जाए।" 

मैंने कहा -"जी मम्मी, कुछ दिन करके देख लेते हैं। शबनम कभी मेरे ग्रुप में नहीं रही है। मुझे यह पता नहीं कि वह हमारा साथ पसंद करेगी भी या नहीं।" 

मम्मी ने कहा -"हाँ, यह तो है।" 

अगले दिन क्लास के पहले, मैंने पीयूष से बात की थी। हम अपनी प्रथम पँक्ति की डेस्क छोड़कर, शबनम की पीछे वाली पँक्ति की खाली डेस्क में उसके साथ जा बैठे थे। हमारे ऐसा करने से शबनम के मुख पर अचरज के भाव थे। उसने संकोचवश हमसे कम ही बात की थी। अगले दिन हमने उसका हाथ पकड़कर, दोनों के बीच, पहली पँक्ति की डेस्क पर ही बैठा लिया था। वह झिझकते हुए साथ बैठी थी। उसने हमसे कुछ अधिक बात करना भी शुरू कर दिया था। हम उससे जानबूझकर निजी कोई बात नहीं करते थे। सिर्फ पढ़ने से संबंधित बातें करते थे। वह हमारे साथ रहने लगी थी। 

जब उसकी झिझक दूर हुई तो डेढ़ माह बाद उसने कहा -"तुम दोनों बहुत अच्छी लड़कियां हो। मैं सोच नहीं सकती थी कि कभी तुम दोनों की फ्रेंड हो सकूँगी। तुमने पिछले छूट गए चैप्टर्स भी, मेरे पूरे करवा दिए हैं।" 

पीयूष ने हँसकर कहा -"हमें यह अच्छा नहीं लगता जब हम किसी को अकेला मायूस देखते हैं।" 

शबनम हॉफ इयरली एग्जाम में, पहले से अच्छा प्रदर्शन कर पाई थी। इस बार जब उसके पेरेंट्स आए तो टीचर ने उनसे, शबनम में आए सुधार पर संतोष प्रकट किया था। टीचर से मिलने के बाद, शबनम की मम्मी स्कूल से लौट रहीं थीं तब वे मुस्कुरा रहीं थीं। 

मेरे मम्मी-पापा एवं पवित्रा आंटी भी स्कूल आए थे। मम्मी को शबनम की मम्मी की यह खुशी अच्छी लगी थी। वे जानतीं थीं इसलिए उन्होंने हँसकर कहा -"पीयूष और मेधा, अब तुम्हारी नई फ्रेंड भी अच्छा कर रही है। "

हम दोनों हँस दिए थे। पापा एवं आंटी ने हममें हो रही बात पर अधिक ध्यान नहीं दिया था। 

पीयूष और मैंने ग्यारहवीं कक्षा में गणित-विज्ञान विषय में पढ़ना तय कर रखा था। शबनम से मैंने एक दिन पूछा -"तुम ग्यारहवीं में कौनसे विषय लोगी?"

शबनम ने बताया -"मैं कला और कॉमर्स के विषय लूँगी। विज्ञान और गणित मुझे कठिन लगते हैं। पापा, मुझे ट्यूशन या कोचिंग भी नहीं जाने देते हैं।" 

इस पर पीयूष ने कहा -"तब तो हमारा ऐसा साथ कुछ ही दिनों का रह पाएगा।" 

शबनम ने कहा -"तुम तो दो हो, बुद्धिमान भी बहुत हो। आसानी से कोई भी तुम्हारा दोस्त बन जाता है। कॉमर्स लेने पर मैं ही अकेली हो जाऊँगी।" 

कहते हुए शबनम रुआँसी थी। 

मैंने कहा -"हमारे सब्जेक्ट अलग होंगे फिर भी स्कूल तो एक होगा। हम फ्रेंड तो रह ही पाएंगी।" 

शबनम ने कहा -"हाँ यह बात तो सही है।"    

पता नहीं शबनम के साथ क्या था। कभी कभी उसका पढ़ने से ध्यान हट जाता था। लगता था जैसे वह किसी याद में खो गई है। तब मेरा मन उससे पूछने का होता कि उसका पढ़ने से ध्यान उचटने का कारण क्या है? मैं अपने को रोक लेती थी। मुझे स्मरण रहता, मम्मा से मैंने यह कहा था कि शबनम का साथ करते हुए, हम उससे सिर्फ पढ़ाई की बातें और इसमें उसकी मदद करेंगे। 

कभी शबनम अच्छा करती और कभी एकदम से निराश कर देती थी। मैंने मम्मा से एक दिन आखिर यह बताया और पूछा - 

"मम्मा, शबनम का पढ़ने में, मन को एकाग्र करने में क्या कठिनाई होती होगी?"

मम्मा ने कहा -"मेधा तुम इसको समझ न पाओगी। तुमने अपना ध्यान हमेशा इस उम्र में किए जाने वाले कार्यों पर केंद्रित कर रखा है। अर्थात तुम पढ़ती हो, खेलती हो, कराटे प्रैक्टिस में रहती हो साथ ही कभी कभी कुकिंग सीखने की कोशिश करती हो। इन अच्छी गतिविधियों के साथ जीवन को समझने का प्रयास करती हो। ये सभी सकारात्मक कार्य होते हैं। निश्चित ही शबनम के साथ ये नहीं हैं। " 

मैंने पूछा -"तो क्या किसी लड़की के यही सब करने से, अध्ययन में एकाग्र होने में सहायता मिलती है?" 

मम्मी ने बताया -"जो घरेलु वातावरण, शबनम को मिलता है वह पढ़ने में ध्यान केंद्रित कर पाने की दृष्टि से, हो सकता है समुचित न रहता हो। इसी से उसका ध्यान अन्य बातों पर गया था। इन बातों में शबनम के पड़ने पर, पढ़ने से उसका बार बार ध्यान भटक कर उन बातों में लग जाता होगा।" 

मैं समझ रही थी। मम्मी जानबूझकर शबनम के प्रेम में पड़ने की बात को सीधे जिम्मेदार नहीं बता कर, संकेत उसी बात पर कर रहीं थीं। अब मैं इतनी बड़ी हुई थी कि ऐसा न कहने का मम्मी का आशय क्या है, यह मैं समझ सकती थी। निश्चित ही मम्मी उस बात की चर्चा नहीं कर रहीं थीं, जिसमें वे मुझे पड़ता नहीं देखना चाहतीं थीं। 

मैं समझ गई थी मम्मी ने इशारों में मुझे इस उम्र के करने और न करने के कार्य फिर एक बार बता दिए थे। ‘प्रेम भ्रम’ निश्चित ही डोंट्स लिस्ट में था। 

मम्मी अनुभवी थीं कदाचित् वे समझ गईं थीं कि मेरे मन में क्या चल रहा है। उन्होंने मुझे अपने आलिंगन में लेकर प्यार से मस्तक पर चूमा था। मैंने उनकी मुझ पर केंद्रित आशा का अनुभव किया था। 

मैंने हल्का लिप किस करते हुए उनके लाड़ दुलार का उत्तर आदर और प्यार से दिया था। हम दोनों ही आकर्षक मुस्कान सहित अलग हुए थे। 

(क्रमशः)


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन