STORYMIRROR

Surendra kumar singh

Others

4  

Surendra kumar singh

Others

समझ उग रही है

समझ उग रही है

1 min
406

प्रश्न थे

उनके उत्तरों की कोशिश थी

उलझन तो थी ही

क्योंकि उत्तर प्रश्न जैसे थे

और जीवन देख रहा था सब कुछ

जैसे आतंक से उसे मुक्क्त कराने की

सरकार की कोशिश

जैसे आतंक में शामिल सरकार

समय था समझ का

और समझ उग भी रही थी

कि ख़ौफ़ छा गया

महामारी का


डरने वाले भी ख़ौफ़ में हैं

और डराने वाले भी ख़ौफ़ में हैं

सब कुछ टँग गया है समय की

अरगनी पर

और समय गुजर रहा है

एक दिन ये ख़ौफ़ भी गुजर जायेगा

और जीवन शेष रह जायेगा जीवन सा

सरकार शेष रह जायेगी सरकार सी

प्रश्न शेष रह जाएंगे प्रश्न से

और उत्तर शेष रह जायेगा

जीवन सा


क्योंकि अकेले रहने का हुनर

सीख चुके होंगे

हम सब

और विचारों के डरावने परिवेश में

विचार हमारे अपने होंगे

कोरोना की तरह

विचारों से संक्रमित होने की

आदत शेष नहीं रहेगी

आदमी शेष रह जायेगा

और उसके साथ शेष रह जायेगी

उसकी आदमियत

जो कहीं खो गयी थी ख़ौफ़ में।

ये कोई विचार नही है

स्वभाव है

यूँ ही उगती है समझ

जो उग रही है

और उग रही है।


Rate this content
Log in