गुदगुदी
गुदगुदी
आभा अपने ससुर जी की, मृत देह के आसपास, बिसूरने वाली, गाँव की औरतों को देख रही थी। वे सब शव के सामने बैठकर, सीना पीटती हुई, रुदाली बनी हुई थीं। उनकी नातेदारी, आभा के ससुराल से रही। वहीं पर कुछ परिचित, संभ्रांत, शहरी महिलाएँ भी उपस्थित थीं। ससुर जी के अंतिम संस्कार के बाद, जब थक- थकाकर, आभा छत पर बिस्तर डालने लगी तो उसकी चचिया सास ने व्यंग्यपूर्वक, उन ग्रामीण स्त्रियों को निशाना बनाया, " अइसन बुक्का फारिकै रोवत रहीं के सहरी मेहरियन क चक्कर आइ गवा। ओनका चेहरा एतना चिकना के माखी भी बइठे तौ फिसल जावे अउर एनका थोबड़ा अइस बीहड़... तनिकौ सरम नाहीं आवत एनका!
सुनकर न चाहते हुए भी, आभा हँस पड़ी; चचेरी सासू माँ का व्यंग ही कुछ ऐसा था। उन देहाती औरतों का चेहरा, रूखा और भद्दा अवश्य था।
किन्तु मन में गुदगुदी की असली वजह कुछ और ही थी। यह कि जीतेजी इन सबने, ससुर जी की खोज खबर नहीं ली और मरने पर, नौटंकी करने चली आईं!
