STORYMIRROR

V. Aaradhyaa

Children Stories Classics Children

4  

V. Aaradhyaa

Children Stories Classics Children

अब मिन्नी वैसे नहीं रोती

अब मिन्नी वैसे नहीं रोती

4 mins
383

" मिन्नी...! तेरी यह बहुत खराब आदत है तो हमेशा रोती रहती है हर बात में रोना अच्छी बात नहीं !"

आज पता नहीं क्यों माँ मिन्नी से कुछ ज्यादा ही नाराज लग रही थी।अब नन्हीँ मिन्नी मां को कैसे बताए कि ....

जब वह पिंकू को ज्यादा प्यार करती है तब मिन्नी को बहुत गुस्सा आता है और वह उस गुस्से की वजह से रोती है।

बात इतनी सी ही तो थी कि ...

मिन्नी भी अपनी मां की गोद में बैठ कर चाय बिस्किट खाना चाहती थी। लेकिन तभी पिंकू आ गया और माँ ने उसे गोद से उतारकर पिंकू को गोद ले लिया था और कहा था कि..." मिन्नी ! तू चुपचाप कुर्सी पर बैठ कर चाय बिस्किट खा ले। अब तू बड़ी हो गई है। बच्चों की तरह जिद मत कर!' फिर.... माँ ने पिंकू को चॉकलेट भी दिया उसे प्यार भी किया पर मिन्नी को प्यार नहीं किया। इसलिए मिन्नी को बहुत जोर से रोना आ गया। और उसने चाय बिस्किट भी नहीं खाया. कभी-कभी मिन्नी सोचती कि.... पहले तो मां ऐसी नहीं थी। पर जब से पिंकू हुआ था तबसे मां मिन्नी को बहुत कम प्यार करती थी और कई बार तो उसके रोने पर उसे एक दो धौल भी जमा देती थी। इससे मिन्नी को बहुत रोना आता था। पहले गुस्सा आता था, फिर रोना आता था, फिर गुस्सा आता था।

पर ... पापा मिन्नी को कभी भी नहीं डांटते थे बल्कि उसे अब भी पहले की तरह ही प्यार करते थे। एक दिन जब मिन्नी को मम्मी की बजाए दादी प्ले स्कूल से लेने आई तब मिनी को समझ नहीं आया कि दादी चाची के घर से कब आ गई? और आज मम्मी उसे लेने क्यों नहीं आई...? "

 पर.....मिन्नी दादी को देखकर बहुत खुश हुई। क्योंकि दादी उसे बहुत प्यार करती थी।

 उस दिन....जब मिन्नी घर आई तो मम्मी बहुत उदास थी। मिन्नी को अपनी मम्मी को उदास देखकर बिलकुल भी अच्छा नहीं लगा। उसे तो तब भी नहीं अच्छा लगता था ज़ब दादी मम्मी को बहुत डांटती थी।

 मिन्नी अब और एक बात गौर करने लगी थी कि अब पापा दादी के साथ ज्यादा समय बिताया करते थे और मम्मी के साथ थोड़ा कम समय बिताते। तो कई बार उसने मम्मी को यह शिकायत करते हुए भी सुना था कि..." माँ जी के आने बाद आप बिल्कुल बदल गए हैं। अब आप मुझे पहले की तरह प्यार नहीं करते। ज्यादा समय आप माँ जी के साथ ही बिताते हैं !" इस पर पापा ने क्या कहा यह तो मिन्नी ठीक से नहीं सुन पाई लेकिन मां को रोते हुए देख कर उनके आंसू पोछने जरूर चली गई।

 और उस दिन... जब मम्मी रो रही थी तो मिन्नी उनके पास आकर पूछने लगी...." मम्मी , आप क्यों रो रही हो ? आजकल आप इतना रोती क्यों हो ? "पता नहीं अपनी नन्हीँ सी बच्ची से सहानुभूति के दो बोल सुनकर ही मिन्नी की मम्मी आरती को क्या हुआ कि... वह और भी बिलखकर रोने लगी और रोते रोते ही उसने अपने मन का दर्द भी बता दिया कि...

" देखो ना बेटा ! जबसे दादी आई हैं , पापा तो मुझे प्यार ही नहीं करते और पहले की तरह मुझसे ज़्यादा बात ही नहीं करते। इससे मुझे बहुत दुःख होता है ! "मम्मी की इस बात से मिन्नी को मम्मी पर और भी प्यार आ गया और वह अपने नन्हें नन्हें हाथों से मिन्नी के आँसू पोंछकर बोली,

" ना रो... मम्मी! पता है... मुझे भी ऐसे ही दुःख होता है , ज़ब आप मुझसे ज़्यादा पिंकू को प्यार करती हैं । ज़ब पिंकू नहीं था , तब तो आप मुझे कितना सारा प्यार करती थीं । और अब पापा भी ऐसा ही कर रहे हैं। आप दादी से कह दो... वह वापिस चली जाएं। फिर पापा आपसे पहले की तरह ही खूब सारी बातें करेंगे और बहुत सारा प्यार भी करेंगे ! "

अचानक मिन्नी की मम्मी का रोना रुक गया। अपनी नन्हीं सी बच्ची के दुःख का उसे एहसास हो गया।

थोड़ी देर बाद ज़ब संयत होकर वह मिन्नी के पास आईं तब... मिन्नी चुपचाप पिंकू के साथ खेल रही थी और उसे प्यार भी कर रही थी।

मम्मी ने मिन्नी के सिर पर हाथ फेरते हुए पूछा . ..

"तुम्हें पिंकू पर गुस्सा नहीं आता कि मैं उसे ज़्यादा प्यार करती हूँ !"तो मिन्नी ने ऐसा जवाब दिया कि मम्मी एकदम सकते में आ गई।

 " नहीं मम्मी ! मुझे पिंकू से ज़्यादा आप पर गुस्सा आता है कि... आप मुझे और पिंकू को एक जैसा प्यार क्यों नहीं करते । आप पिंकू के आने के बाद से मुझे कम प्यार करते हो और ज़्यादा डांटते हो, इसमें पिंकू की क्या गलती है? "

सच ... बच्चे कितने मासूम और सरल होते हैं और कितना सीधा सोचते हैं।

अब मिन्नी की मम्मी आरती की समझ में भी आ गया था कि..उन्हें दादी पर गुस्सा नहीं करना चाहिए बल्कि मिन्नी के पापा और अपने पति अमन से बात करनी चाहिए कि वह अपनी पत्नी से ज़्यादा माँ का ख्याल क्यों रखते हैं...!और ...

कुछ समय बाद...मिन्नी ने गौर किया कि...मिन्नी के पापा उसकी दादी और मम्मी दोनों के साथ बराबर व्यवहार करते हैं।

और ...

अब मम्मी भी मिन्नी को नहीं डांटती बल्कि उसे और पिंकू को बराबर प्यार करती हैं।

तभी ... तो... अब मिन्नी वैसे नहीं रोती जैसे पहले रोती थी।

(समाप्त )


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन