डोर टू डोर कैंपेन- 11
डोर टू डोर कैंपेन- 11
कुत्तों को भी ये चुनौती पसंद आई। इसका लाभ ये था कि मछलियों और कुत्तों के बीच कोई मुकाबला हुआ तो सभी जानवर देखने ज़रूर आयेंगे। और तब एक साथ सबको अपनी बात बता पाने का अवसर मिलेगा। डोर टू डोर कैंपेन से सबके पास पहुंचने में तो काफ़ी समय ख़र्च हो रहा था।
लेकिन मछलियों से लोहा लेना भी कोई आसान काम नहीं था। मछलियों में भी व्हेल, शार्क आदि भीमकाय मछलियां थीं। दूसरे, मछलियों से कोई भी टक्कर या स्पर्धा पानी में ही करना अनिवार्य था। इसके लिए कुत्तों को भी अपने अच्छे तैराक नस्ल के ही सदस्य ढूंढने थे।
- क्या करें? क्या वाटर पोलो जैसा कोई खेल रखें? एक डॉगी ने सुझाव दिया।
- नहीं- नहीं, हमें योग्य राजा बन सकने वाले प्राणी का चुनाव करना है, कोई खिलाड़ी नहीं चुनना। एक दूसरे कुत्ते ने कहा। वह मुकाबले को पूरी गंभीरता से लेना चाहता था। कहीं ऐसा न हो कि खेल- खेल में कुत्ते मछलियों से हार जाएं और उनके राजा बनने के सपने पर पानी फिर जाए।
एक छोटे से प्यारे डॉगी ने कहा- लेकिन राजा को बोलना तो आना चाहिए। ये सब मछलियां और मगरमच्छ तो गूंगे हैं। ये राजा बन कर काम कैसे करेंगे?
ये सुनते ही पानी के किनारे बैठी एक मेंढकी ज़ोर से टर्राई - बोलने से कुछ नहीं होता, चुपचाप अपना काम करते रहना तो और भी अच्छा है।
आख़िर ये तय हुआ कि मछलियों और कुत्तों के बीच पानी में एक रेस होगी जिसमें मछलियां तो तैरती हुई दौड़ेंगी और कुत्ते एक नाव चला कर नदी को पार करेंगे। जो दल पहले दूसरे किनारे को छूएगा वही विजेता माना जाएगा।
दोनों टीमों को ये स्पर्धा पसंद आई।
रेस की तैयारियां शुरू हो गईं। दोनों टीमों के समर्थक अपनी- अपनी टीम की हौसला अफजाई के लिए नदी किनारे जमा होने लगे।
दौड़ने के चैंपियन माने जाने वाले घोड़ा और हिरण को रेफरी बनाया गया।
सब जानवर अपने- अपने काम छोड़ कर आ गए और दिल थाम कर मुकाबला देखने लगे।
