STORYMIRROR

मुकेश कुमार ऋषि वर्मा

Children Stories Drama Tragedy

4  

मुकेश कुमार ऋषि वर्मा

Children Stories Drama Tragedy

अभावों भरा बचपन

अभावों भरा बचपन

3 mins
0

अभावों भरा बचपन 

------------------


आज से करीब चौंतीस साल पहले मेरा जन्म जनपद आगरा के एक छोटे से रिहावली नामक गाँव में हुआ था। मेरा जन्म जिस परिवार में हुआ, वह एक संयुक्त परिवार था। दादा-दादी, ताऊ-चाचा, व उनके बच्चों की लम्बी कतार।


गाँव में मान्यता थी कि हमारा परिवार काफी सम्पन्न था। हाँ उस समय के अनुसार रहा भी होगा। परन्तु उस सम्पन्नता का मेरे जीवन में कोई खास महत्व नहीं था, क्योंकि परिवार में भेदभाव चरम पर था।


मैं गाँव के ही सरकारी विद्यालय में पढ़ता था और मेरे ताऊ-चाचाओं के बच्चे प्राइवेट इंग्लिश मीडियम में पढ़ने जाते थे। जो गूजरघार का उस समय का प्रतिष्ठित स्कूल हुआ करता था।


जीवन में बचपन वाला कोई सुख था नहीं...। हर दिन माँ का झगड़ा ताई-चाची, दादी, बुआओं से होता रहता था। इसी कारण हमारे ताऊ-चाचा, बुआ-फूफा लगभग हर सदस्य हमसे नफरत करता था। उनके बच्चे तो हर दूसरे-तीसरे दिन हमारी पिटाई करते रहते थे। खाने सहित कपड़ों तक का भेदभाव होता था। लेकिन माँ के हाथ की रोटी का स्वाद मुझे किसी भी अभाव का अहसास नहीं होने देता था। माँ मेरे बाप से लड़ झगड़ कर किसी तरह किताब-कापी, पेन की व्यवस्था करवा देती थी। बाद में अपने स्कूली मित्रों का ऐसा सहयोग मिला कि किताब-कापी-पेन का अभाव कभी हुआ ही नहीं।


घर में सिर्फ दो ही कमरे थे। एक छोटा था जिसे हम कोठरी कहते थे और दूसरा कमरा कुछ बड़ा था उसे ही हम घर कहते थे।


घर में प्रकाश की कोई उचित व्यवस्था नहीं थी। मिट्टी के तेल का दिया जलाते थे। उस दिए को मेरा बड़ा भाई पुत्तू बनाता था। पुत्तू एक पैर से दिव्यांग था और मानसिक रूप से बीमार। उसे भयंकर तरीके से पागलपन के दौरे पड़ते थे। मैं समझता हूँ कि इसका कारण हमारे परिवार की कलह ही रही होगी। मेरी एक बड़ी बहन थी गायत्री जिसने एक दिन आत्महत्या कर ली। मैं उस समय कक्षा-6 में पढ़ता था।


मुझे आज भी याद है, पिताजी खेती के कार्य के लिए सुबह घुप्प अंधेरे में ही खेतों पर निकल जाते थे। उन्हें कोई चिंता नहीं थी कि मेरे बच्चे कैसे हैं, किस हाल में हैं, उन्हें किस चीज की जरूरत है। सारी जिम्मेदारियां अपने बड़े-छोटे भाइयों पर डाल कर कोल्हू के बैल की तरह काम करके अपने भाइयों की सुख-सुविधा बढ़ाने में लगे थे।


मैं भी खेतों में घूमने जाता था, कभी-कभी जंगल में भी चला जाता था। मेरे पैरों में चप्पल नहीं होती थी। नंगे पैर चलना पड़ता था। पैर में कांटा चुभे या जंग लगी कील या फिर नुकीला कांच सब सहना पड़ता था। चुभने पर मैं कभी रोता नहीं था, क्योंकि रोने से कोई फायदा नहीं था।


मेरे पास एक ही जोड़ी कपड़े थे। स्कूल का बैग माँ सिल देती थी। प्लास्टिक के टाट के कट्टे का। किताबें कभी पूरी नहीं दी गईं। पिताजी से मांगता तो कोई जवाब नहीं मिलता था। मैं चोरी छिपे गाँव के काली माँ के मंदिर में पहुँच जाता और प्रार्थना करता था कि माँ मेरी किस्मत कब बदलेगी। 


(आत्मकथा - मेरा वनवास के अंश)


- मुकेश कुमार ऋषि वर्मा 

गांव रिहावली, डाक घर तारौली गूजर, फतेहाबाद, आगरा, उत्तर प्रदेश 283111

9627912535


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन