I MISS HIM
I MISS HIM
हैलो फ्रेंड्स, मेरा नाम पल्लवी है। आज मैं अपनी सहेली दीपाली की स्टोरी आपके साथ शेयर कर रही हूं। दीपाली मेरी पड़ोसी है और वह मेरी अच्छी फ्रेंड है। पर पिछले एक साल से वह बहुत परेशान है। और उसकी परेशानी की वजह है एक लड़का। लड़का, जिसे वह टूट कर प्यार करती है, लड़का जिसके लिए वह कुछ भी कर सकती है। उस लड़के का नाम है सोमेश, सोमेश चक्रवर्ती।
आइये आपको शुरू से बताती हूं। सोमेश और दीपाली कोचिंग में साथ ही पढ़ते थे। सोमेश उसके बैच का सबसे हैंडसम लड़का माना जाता था। लड़कियां उसके लिए दीवानी रहती थीं। पर दीपाली ने कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया। वह बस अपने काम से काम रखती थी।
लेकिन एक दिन दीपाली शॉक्ड रह गयी। उसने देखा कि सोमेश की नज़रें उसपर टिकी हुई हैं। पहले तो उसे यह कोई वहम लगा, लेकिन फिर जब कई बार ऐसा हुआ, तो उसे यकीन करना ही पड़ा। शुरू-शुरू में उसे यह सब अजीब सा लगा, लेकिन फिर धीरे-धीरे उसे अच्छा लगने लगा। उस दिन से दीपाली की जिंदगी ही बदल गयी। वह अपने आप पर पहले से ज्यादा ध्यान देने लगी, हमेशा सज-संवर कर रहने लगी।
एक दिन की बात है। दीपाली कोचिंग से घर लौट रही थी। तभी पीछे से सोमेश आ गया। उसने अपनी बाइक दीपाली के पास रोक दी और बोला, ''आओ दीपाली, तुम्हें घर छोड़ दूं।''
दीपाली उसे मना नहीं कर पायी। वह बाइक पर पीछे बैठ गयी। सोमेश ने बाइक को पहले गेयर में डाला और धीरे से बोला, ''दीपाली, मैं तुमसे कुछ बात करना चाहता हूं।''
''क्या?" दीपाली ने लरजते होंठों से पूछा।
''ऐसे नहीं, आओ किसी रेस्टोरेंट में बैठते हैं।''
दीपाली की सहमति पाकर सोमेश उसे पास के रेस्टोरेंट में ले गया। वहां पर उसने दीपाली से अपने प्यार का इज़हार किया। दीपाली मन ही मन सोमेश को चाहने लगी थी। वह उसे मना नहीं कर सकी। और इस तरह दोनों प्यार की पटरी पर तेजी से दौड़ने लगे।
लेकिन थोड़े ही दिन बीते थे कि सोमेश अचानक गायब हो गया। उसने न सिर्फ कोचिंग आना बंद कर दिया, वरन दीपाली का फोन भी उठाना बंद कर दिया। दीपाली उसके व्यवहार से सन्न रह गयी। उसने साेमेश को सैंकड़ो वाट्सअप किये, पचासों कॉल की, पर न तो सोमेश वापस लोटा, और न ही उसने वाट्सअप या कॉल का जवाब ही दिया।
दीपाली एकदम पागल सी हो गयी। न अब उसका मन पढ़ाई में लगता और न ही किसी और चीज़ में। न तो वह रात में ठीक से सो पाती और न ही ठीक से खा-पी पाती। बस हर समय वह सोमेश को याद किया करती और रोती रहती।
एक दिन की बात है। दीपाली अपनी मां के साथ मंदिर जा रही थी। तभी रास्ते में उसे साेमेश दिखा। सोमेश की नज़र भी दीपाली पर पड़ी, पर वह उससे अनजान बनता हुआ एक गली में चला गया। दीपाली का मन हुआ कि वह भाग कर जाए और सोमेश को पकड़ कर झकझोर दे। पर मां की वजह से वह जब्त कर गयी। पूजा से लौटने के बाद दीपाली ने शाम को मोबाइल रिचार्ज कराने का बहाना किया और उसी गली में जा पहुंची, जिसमें सोमेश गया था।
संयोग से सोमेश सामने से आता हुआ मिल गया। वह दीपाली को देख कर दंग रह गया। वह उसे लेकर एक दोस्त के मकान में चला गया और माफी मांगने लगा। दीपाली ने उसकी बातों पर यकीन कर लिया। और इस तरह दीपाली की जिंदगी में फिर से बहार आ गयी।
लेकिन अभी ज्यादा दिन नहीं बीते थे कि सोमेश एक बार फिर गायब हो गया। इस बार उसका फोन ऑफ जा रहा था और उसके मां-बाप भी मंदिर के पास वाला मकान खाली करके जा चुके थे। इस बार दीपाली बुरी तरह से टूट गयी। उसने सभी से मिलना-जुलना बंद कर दिया और दिन भर अकेली पड़ी-पड़ी रोती रहती।
मुझसे दीपाली की हालत देखी नहीं गयी। मैंने सोमेश के बारे में पता करने का निश्चय किया। मैंने काफी दौड़-भाग की, और अंत में मुझे इस काम में कामयाबी भी मिली। पर सोमेश के बारे में जो कुछ पता चला, उसे सुन कर मैं शॉक्ड रह गयी। दरअसल सोमेश किसी अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ था और उसने दीपाली को जानबूझ को अंधेरे में रखा हुआ था। मुझे यह भी पता चला कि दीपाली की तरह ही साेमेश के कई लड़कियों से संबंध थे। और वह उन्हें सिर्फ टाइमपास का ज़रिया माना करता था।
मैंने कई बार सोचा कि दीपाली को यह सच बता दूं। पर हर बार एक अनजाने डर ने मुझे रोक लिया। क्या पता इस सच को दीपाली बर्दाश्त न कर पाए और कोई ऐसा कदम उठा ले, जिसके लिए मुझे जिंदगी भर पछताना पड़े।
फ्रेंड्स, मैं दीपाली से तो सच नहीं कह पाई, पर आपसे कह रही हूं। अगर आप अपने आसपास देखें, तो आपको तमाम ऐसी दीपालियां मिल जाएंगीं, जो बिना कुछ सोचे-समझे लड़कों की बातों पर यकीन कर लेती हैं और फिर अपनी जिंदगी बर्बाद कर लेती हैं।
अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा हो, कोई लड़का आपसे अपने प्यार का इज़हार कर रहा हो, तो यूं ही उसकी बातों में न बह जाएं। पहले उसके बारे में पता कर लें, उसकी सामाजिक स्थिति और इतिहास-भूगोल पता कर लें। वर्ना कहीं ऐसा न हो जाए कि एक दिन आप भी खुद को दीपाली की हालत में पाएं, और तब शायद आप अपने आपको माफ भी न कर पाएं।
फ्रेंड्स, अगर यह स्टोरी आपके दिल को छू जाए, तो इसे अपने फ्रेंड्स के साथ शेयर जरूर करें, क्या पता आपकी वजह से किसी दीपाली की जिंदगी बिखरने से बच जाए...
गुड बॉय, टेक केयर!
