तुम बिन
तुम बिन
तुम बिन,
इन सर्द रातों में कुछ अधिक ही ठिठुरन है,
सब कहते हैं,
अरे! परिपक्वता में हुआ तेरा आगमन है।
तुम बिन,
स्नेह में भीगी चादर उढ़ाने वाले हाथ हुए दूर है,
सब कहते हैं,
सच यही है, यही इस दुनिया का दस्तूर है।
तुम बिन, मेरा अस्तित्व ही नहीं, मुझे तुमसे प्यार है,
सब कहते हैं,
इन बातों में उलझे रहना, वक़्त करना बेकार है।
तुम बिन,
सपनों भरी यह आँखें काफी नम है,
सब कहते हैं,
सभी को जीवन में मिलता यह गम है।
तुम बिन,
खीर में भी रही नहीं वो बात है,
सब कहते हैं,
कुछ नहीं बच्चे होता है, हम तुम्हारे साथ है।
तुम बिन,
कैसे बताऊँ, क्या पीछे मेरा छूट गया?
सब कहते हैं,
हमारे गले में भी, दर्द का यही घूँट गया।
तुम बिन,
नहीं होना बड़ी मुझे, ना तुझे खोने की समझ है,
सब कहते हैं,
ईश्वर की इच्छा, हम तो कठ-पुतली महज़ है।
तुम बिन,
मेरा दिल आज तुमसे कितना ज़्यादा नाराज़ है,
सब कहते हैं,
लौट कर आने में, अब उसे बड़ा एतराज़ है।
तुम बिन,
खोजता इस भीड़ में, तुम्हें ही मेरा मन है,
सब कहते हैं,
दूर कहाँ तू? जब उनसे हुई उत्पन्न है।
तुम बिन,
हिम्मत बाँधी हुई है भले, पर जीना मेरा दुश्वार है,
सब कहते हैं,
इसी घाव को ही बनाना अब हथियार है।
तुम बिन,
टूटी मानो, मेरी हर इक श्वास है,
सब कहते हैं,
आने वाली वसंत ऋतु है, गुलाब और पलाश हैं।
