Unlock solutions to your love life challenges, from choosing the right partner to navigating deception and loneliness, with the book "Lust Love & Liberation ". Click here to get your copy!
Unlock solutions to your love life challenges, from choosing the right partner to navigating deception and loneliness, with the book "Lust Love & Liberation ". Click here to get your copy!

Mahavir Uttranchali

Others

5.0  

Mahavir Uttranchali

Others

22 दोहा पहेली

22 दोहा पहेली

2 mins
386


मुझे न कोई पा सके, चीज़ बड़ी मैं ख़ास।

मुझे न कोई खो सके, रहती सबके पास //१. //


छोटी-सी है देह पर, मेरे वस्त्र पचास।

खाने की इक चीज़ हूँ, मैं हूँ सबसे ख़ास // २. //


लम्बा-चौड़ा ज़िक्र क्या, दो आखर का नाम।

दुनिया भर में घूमता, शीश ढकूँ यह काम // ३. //


विश्व के किसी छोर में, चाहे हम आबाद।

रख सकते हैं हम उसे, देने के भी बाद // ४. //


वो ऐसी क्या चीज़ है, जिसका है आकार।

चाहे जितना ढेर हो, तनिक न उसका भार // ५. //


देखा होगा आपने, हर जगह डगर-डगर।

हरदम ही वो दौड़ता, कभी न चलता मगर // ६. //


घेरा है अद्भुत हरा, पीले भवन-दुकान।

उनमें यारों पल रहे, सब काले हैवान // ७. //


पानी जम के बर्फ़ है, काँप रहा नाचीज़।

पिघले लेकिन ठण्ड में, अजब-ग़ज़ब क्या चीज़ // ८. //


मैं हूँ खूब हरा-भरा, मुँह मेरा है लाल।

नकल करूँ मैं आपकी, मिले ताल से ताल // ९. //


सोने की वह चीज़ है, आती सबके काम।

महँगाई कितनी बढ़े, उसके बढ़े न दाम // १०. //


नाटी-सी वह बालिका, वस्त्र हरे, कुछ लाल ।

खा जाए कोई उसे, मच जाए बवाल // ११. //


अंग-रूप है काँच-का, रंग सभी अनमोल।

आऊँ काम श्रृंगार के, काया मेरी गोल // १२. //


अद्भुत हूँ इक जीव मैं, कोई पुंछ, न बाल।

बैठा करवट ऊँट की, मृग सी भरूँ उछाल // १३. //


बिन खाये सोये पिए, रहता सबके द्वार।

ड्यूटी देता रात-दिन, छुट्टी ना इतवार // १४. //


तनकर बैठा नाक पे, खींचे सबके कान।

उसका वजूद काँच का, देना इसपर ध्यान // १५ //


सर भी उसका पूंछ भी, मगर न उसके पाँव।

फिर भी दिखे नगर-डगर, गली-मुहल्ला-गाँव // १६ //


आ धमके वो पास में, लेकर ख़्वाब अनेक।

दुनिया भर में मित्रवर, शत्रु न उसका एक // १७ //


पुंछ कटे तो जानकी, शीश कटे तो यार।

बीच कटे तो खोपड़ी, नई पज़ल तैयार // १८ //


तेज़ धूप-बारिश खिले, देख छाँव मुरझाय।

अजब-ग़ज़ब वो फूल है, काम सभी के आय // १९ //


गोरा-चिट्टा श्वेत तन, हरी-भरी है पुंछ ।

समझ न आये आपके, तो कटवा लो मूँछ // २० //


दरिया है पानी नहीं, नहीं पेड़ पर पात।

दुनिया है धरती नहीं, बड़ी अनोखी बात // २१ //


अन्धा हूँ पर नयन हैं, मुँह रहते मैं मौन।

पैर मगर ना चल सकूँ, यार बता मैं कौन // २२ //


(1) परछाईं / (2) प्याज / (3) टोपी / (4) वचन /

(5) अक्षर / (6) इंजन / (7) सरसों / (8) मोमबत्ती /

(9) तोता / (10) चारपाई / (11) मिर्च / (12) चूड़ियाँ /

(13) मेंढ़क / (14) ताला / (15) ऐनक / (16) साँप /

(17) नींद / (18) सियार / (19) छतरी / (20) मूली /

(21) मानचित्र (नक़्शा) / (22) गुड्डा


Rate this content
Log in