रिश्तों का बाज़ार
रिश्तों का बाज़ार
रिश्तों का बाज़ार
शर्मा जी की उम्र पचहत्तर पार कर चुकी थी। पत्नी को गुजरे पाँच साल हो गए थे। बेटा अमेरिका में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में पद पर था और बेटी ऑस्ट्रेलिया में अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन बिता रही थी। दोनों के घर बड़े थे, गाड़ियाँ महँगी थीं और जीवन में सुविधाओं की कोई कमी नहीं थी। कमी थी तो बस इतनी कि शर्मा जी के घर में किसी के पास बैठने का समय नहीं था।
हर रविवार बेटे का वीडियो कॉल आता था।
"हैलो पापा! हाउ आर यू?"
"ठीक हूँ बेटा। तुम कैसे हो?"
"आई एम गुड। पापा, मेडिसिन टाइम पर ले रहे हैं न? डॉक्टर को दिखा दिया?"
"हाँ बेटा, सब हो गया।"
"ओके पापा, टेक केयर। इस वीक थोड़ा बिजी हूँ। नेक्स्ट संडे डिटेल में बात करेंगे।"
शर्मा जी कुछ कहना चाहते, लेकिन उधर से फोन कट चुका होता।
बेटी का फोन भी आता था। वह बच्चों की पढ़ाई, ऑफिस और घर की व्यस्तताओं के बीच पिता का हाल पूछना अपना कर्तव्य समझती थी।
शर्मा जी हर बार एक ही जवाब देते—"मैं बिल्कुल ठीक हूँ।"
वे यह नहीं बताते कि आज सुबह चाय बनाते समय उन्हें अपनी पत्नी की बहुत याद आई थी। यह भी नहीं बताते कि पिछले तीन दिनों से उन्होंने किसी परिचित आवाज में अपना नाम नहीं सुना था। और यह भी नहीं कि कभी-कभी वे केवल इसलिए बाजार चले जाते थे कि रास्ते में किसी से दो बातें हो जाएँ।
एक दिन अखबार पढ़ते हुए उनकी नजर एक विज्ञापन पर पड़ी—
'अब बुजुर्गों को नहीं सताएगा अकेलापन! पाइए अपने शहर में किराए के पोते-पोतियाँ। बातचीत, अस्पताल विजिट, शॉपिंग, शतरंज, पार्क में सैर और भावनात्मक सहयोग। उचित शुल्क पर उपलब्ध।'
शर्मा जी ने विज्ञापन दो-तीन बार पढ़ा। फिर चश्मा उतारकर मेज पर रख दिया।
मन ही मन बुदबुदाए, "वाह रे जमाने! कभी पोते-पोतियाँ दादा-दादी के पास भेजे जाते थे संस्कार सीखने के लिए, अब दादा-दादी को पोते-पोतियाँ किराए पर लेने पड़ेंगे!"
लेकिन शाम होते-होते उन्होंने विज्ञापन में दिए नंबर पर फोन लगा दिया।
अगले दिन एक युवक उनके घर पहुँचा। नाम था अखिल। उम्र लगभग पच्चीस वर्ष। चेहरे पर मुस्कान और हाथ में एक छोटा-सा बैग।
"नमस्ते दादाजी!"
शर्मा जी के चेहरे पर बरसों बाद एक अनायास मुस्कान आई।
"आओ बेटा, बैठो।"
"कंपनी ने बताया था कि आपको बातचीत और कभी-कभी बाहर जाने के लिए साथी चाहिए। मैं सप्ताह में तीन दिन आ सकता हूँ।"
"अच्छा! और तुम्हारा नाम क्या बताया था?"
"अखिल।"
"बेटा, तुम मुझे दादाजी कह सकते हो।"
"जी दादाजी! बिल्कुल।"
शर्मा जी ने चाय बनाई।अखिल ने मोबाइल एक तरफ रखा और उनकी बातें सुनने लगा। शर्मा जी ने अपने पुराने दिनों के किस्से सुनाए। कॉलेज, नौकरी, पत्नी के साथ पहली मुलाकात, बच्चों का बचपन, उनकी शरारतें—सब कुछ।अखिल बीच-बीच में सवाल पूछता रहा।
शर्मा जी को लगा जैसे घर की दीवारों में फिर से आवाजें लौट आई हों।
कुछ दिनों बाद अखिल उन्हें अस्पताल ले गया। दवाइयाँ व्यवस्थित कर दीं। बाजार से सामान लाया। एक दिन दोनों ने शतरंज भी खेला।
धीरे-धीरे शर्मा जी अखिल की प्रतीक्षा करने लगे।
एक दिन उन्होंने पूछा, "बेटा, तुम्हारे घर में कौन-कौन है?"
"माँ हैं, छोटी बहन है। पिताजी का देहांत हो गया। पढ़ाई कर रहा हूँ। पार्ट टाइम यह काम भी करता हूँ।"
"अच्छा! तुम्हें बुजुर्गों के साथ समय बिताना अच्छा लगता है?"
अखिल कुछ क्षण चुप रहा।
"दादाजी, सच कहूँ तो शुरुआत में इसे सिर्फ नौकरी समझता था। लेकिन अब लगता है कि आप लोगों के पास कहानियाँ बहुत हैं और सुनने वाला कोई नहीं।"
शर्मा जी हँस पड़े।
"बेटा, कहानियाँ तो बहुत हैं, बस सुनने वाले कम हो गए हैं।"
एक दिनअखिल ने देखा कि शर्मा जी अपने बेटे के साथ वीडियो कॉल कर रहे हैं। बेटा किसी मीटिंग में जाने की जल्दी में था।
"पापा, इस महीने पैसे ट्रांसफर कर दिए हैं। कोई जरूरत हो तो बताइएगा।"
शर्मा जी ने धीरे से कहा, "बेटा, पैसों की जरूरत तो नहीं है। बस कभी समय निकालकर आ जाना।"
"पापा, अभी आना थोड़ा मुश्किल है। आप समझते क्यों नहीं? बहुत जिम्मेदारियाँ हैं।"
"हाँ बेटा, समझता हूँ।"
फोन कट गया।
अखिल पास ही बैठा था। उसने देखा कि शर्मा जी की आँखों में नमी थी।
उसने धीरे से पूछा, "दादाजी, क्या हुआ?"
"कुछ नहीं बेटा। शायद नेटवर्क की समस्या थी। आवाज साफ नहीं आ रही थी।"
अखिल समझ गया कि समस्या नेटवर्क की नहीं, रिश्तों की थी।
कुछ दिन बाद शर्मा जी ने बेटे को फोन किया।
"बेटा, एक बात कहनी थी।"
"जी पापा, बोलिए।"
"तुम्हें याद है, बचपन में जब तुम्हें बुखार आता था तो मैं सारी रात तुम्हारे सिरहाने बैठा रहता था?"
"हाँ पापा, याद है।"
"तब तुम्हें पैसे की जरूरत नहीं होती थी, बस मेरा पास बैठना अच्छा लगता था।"
"जी पापा।"
"आज मेरी उम्र भी कुछ वैसी ही हो गई है बेटा। दवाइयाँ तो मिल जाती हैं, डॉक्टर भी मिल जाते हैं। लेकिन कभी-कभी लगता है कि कोई बस सिरहाने बैठकर पूछ ले—पापा, नींद आई?"
दूसरी तरफ कुछ क्षणों की खामोशी छा गई।
"पापा, मैं समझता हूँ। कोशिश करूँगा जल्दी आने की।"
शर्मा जी ने फोन रख दिया।
अगले रविवार अखिल आया तो शर्मा जी ने उससे कहा, "बेटा, आज तुम्हारे लिए कुछ बनाया है।"
"क्या दादाजी?"
"तुम्हारी पसंद के बेसन के लड्डू।"
अखिल ने लड्डू खाया और बोला, "बहुत अच्छे हैं दादाजी!"
शर्मा जी ने मुस्कराकर कहा, "पता है, जब मेरा बेटा छोटा था तो ऐसे ही लड्डू खाकर खुश हो जाता था।"
फिर कुछ सोचकर बोले, "एक बात बताओ बेटा, तुम्हारी कंपनी में कोई ऐसा पैकेज भी है जिसमें किराए के बेटे मिलते हों?"
आरव चौंक गया।
"दादाजी, यह कैसा सवाल है?"
"कुछ नहीं बेटा! सोचा, जब पोते किराए पर मिल सकते हैं तो बेटे भी मिल ही जाएँगे। बस अंतर इतना होगा कि पोते खेलने के काम आएँगे और बेटे शायद अंतिम संस्कार तक की जिम्मेदारी भी ले लेंगे!"
आरव के पास कोई जवाब नहीं था।
उस दिन पहली बार उसे लगा कि जिस सेवा के लिए वह पैसे लेता है, उसके पीछे एक बहुत गहरा सामाजिक संकट छिपा है।
कुछ सप्ताह बाद अचानक शर्मा जी की तबीयत बिगड़ गई।अखिल उन्हें अस्पताल लेकर गया। डॉक्टर ने कुछ जाँचें लिखीं।अखिल ने तुरंत उनके बेटे को फोन किया।
"सर, दादाजी की तबीयत ठीक नहीं है। आपको आना चाहिए।"
"आप कौन?"
"मैं अखिल। उनके साथ रहता हूँ... यानी उनकी देखभाल करता हूँ।"
"ओह! केयरटेकर! आप डॉक्टर को दिखा दीजिए। जो खर्च होगा, मुझे बता दीजिएगा।"
अखिल ने पहली बार थोड़े सख्त स्वर में कहा, "सर, खर्च की चिंता मत कीजिए। लेकिन आपके पिता को इस समय आपके आने की जरूरत है।"
उस रात शर्मा जी अस्पताल के बिस्तर पर लेटे थे।अखिल पास की कुर्सी पर बैठा था।
शर्मा जी ने उसका हाथ पकड़कर कहा, "बेटा, तुमसे एक बात कहूँ?"
"जी दादाजी।"
"तुम्हें पता है, तुम्हारी तनख्वाह कितनी है?"
"जी दादाजी।"
"लेकिन तुम्हें यह नहीं पता कि तुम्हारे साथ बिताए दो घंटे मेरे लिए कितने कीमती हैं।"
अखिल की आँखें भर आईं।
अगली सुबह शर्मा जी का बेटा अस्पताल पहुँच गया। पिता को देखकर वह उनके पास बैठ गया।
"पापा, आप ठीक तो हैं?"
शर्मा जी ने बेटे की ओर देखा। फिर अखिल की ओर इशारा करते हुए कहा—"बेटा, यह अखिल है। मेरा किराए का पोता। बहुत अच्छा लड़का है। तुम्हारे बचपन की याद दिला देता है।"
बेटा कुछ असहज हुआ।
शर्मा जी ने फिर कहा—"इसने मुझे अस्पताल पहुँचाया, दवाइयाँ दीं, मेरी बातें सुनीं। इसके पास मेरे लिए समय है। तुमसे कोई शिकायत नहीं बेटा। तुमने मुझे बहुत कुछ दिया है—पैसा, मकान, गाड़ी, सुविधाएँ। बस एक चीज देना भूल गए।"
"क्या पापा?"
"अपना थोड़ा-सा समय!"
बेटे ने पिता का हाथ पकड़ लिया। शायद पहली बार उसे महसूस हुआ कि पिता की हथेली कितनी कमजोर हो गई है।
कुछ देर बाद उसने अखिल की ओर देखा और पूछा—"आपको इस काम के कितने पैसे मिलते हैं?"
अखिल ने सहजता से जवाब दिया, "सर, जितने तय हुए हैं।"
शर्मा जी ने हल्की मुस्कान के साथ कहा— "बेटा, इसे पैसे कंपनी देती है, लेकिन जो अपनापन यह मुझे देता है, उसका बिल अभी तक नहीं बना है।"
कमरे में सन्नाटा छा गया।
कुछ दिनों बाद शर्मा जी घर लौट आए। बेटा कुछ दिनों की छुट्टी लेकर उनके साथ रहने लगा।अखिल भी आता रहा, लेकिन अब उसके आने का कारण केवल अनुबंध नहीं था।
एक दिन शर्मा जी ने बेटे और अखिल दोनों को पास बुलाया।
"तुम दोनों मेरी एक बात ध्यान से सुनो। रिश्ते बाजार में बिकने नहीं चाहिए। लेकिन जब बाजार में रिश्तों की जरूरत पड़ने लगे तो समझ लेना चाहिए कि समाज में कहीं कुछ बहुत टूट चुका है।"
उन्होंने खिड़की से बाहर देखते हुए कहा—
"पहले लोग बच्चों को समझाते थे कि बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया करो। अब विज्ञापन समझाते हैं कि बुजुर्गों को समय चाहिए तो किराए के पोते बुक कर लीजिए। पता नहीं तरक्की हुई है या रिश्तों का कारोबार शुरू हो गया है!"
अखिल और उनका बेटा दोनों चुप थे।
शर्मा जी ने मुस्कराते हुए चाय का प्याला उठाया और बोले—
"खैर, अच्छा है कि बाजार में अभी इतना अपनापन तो बचा है कि वह हमारी जरूरत समझता है। बस डर इस बात का है कि कहीं आने वाली पीढ़ी को माँ-बाप से मिलने के लिए भी कोई ऐप डाउनलोड न करना पड़ जाए!"
इस बार बेटा मुस्कराया नहीं। उसने पिता का हाथ अपने हाथों में ले लिया।
और शर्मा जी को लगा कि शायद अभी भी रिश्तों की दुनिया पूरी तरह उजड़ी नहीं है।
