शक्तिशाली कौन? कलम या तलवार
शक्तिशाली कौन? कलम या तलवार
कलम एक साधारण सी दिखने वाली वस्तु है। परंतु वास्तव में उतनी साधारण भी नहीं, जितना हम समझते हैं। समय आने पर ये साधारण-सी कलम एक हथियार का काम करती है। कलम जब तक एक सामान्य मनुष्य के हाथ में है, तब तक वह सामान्य है लेकिन यही कलम बड़े-बड़े कवियों और कथाकारों के हाथ में हो तो क्रांति ला सकती है।
तलवार केवल युद्ध जीतने में सहायक होती है परंतु कलम में युग परिवर्तन करने की क्षमता होती है। जिस प्रकार एक कुशल योद्धा के हाथ में तलवार युद्ध का परिणाम निर्धारित करती है, ठीक उसी प्रकार एक कुशल लेखक के हाथ में कलम एक नए युग का निर्माण करती है। इसका सटीक उदाहरण है लेखक यशपाल, जो मार्क्सवाद के पक्षधर थे और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान एक क्रांतिकारी की भूमिका निभा रहे थे। उस दौरान उन्हें लगभग छह वर्ष का कारावास भी भोगना पड़ा था। इसी प्रकार जीवन की विभिन्न यातनाओं को पार करते हुए वे आखिरकार आम जनता के कथाकार बन गए और जो काम वे पिस्तौल से न कर सके, आगे चलकर उन्होंने वह काम कलम के द्वारा कर दिखाया। उनकी कहानियों ने समाज में क्रांति उत्पन्न कर दी। इनके अलावा 'कलम के सिपाही' प्रेमचंद, साहित्य के यथार्थवादी कथाकार, जिन्होंने अपनी कलम द्वारा समाज की सच्चाई से सामान्य जन को अवगत कराया और समाज की कुरीतियों एवं विसंगतियों पर करारा प्रहार किया। इनके समकालीन 'कलम के जादूगर', रामवृक्ष बेनीपुरी ने छोटे-छोटे वाक्यों द्वारा दृश्यों को नजरों के सामने जीवंत किया।
सामान्य अर्थों में कहा जाए तो तलवार वह कभी नहीं कर सकती जो कलम कर सकती है। तलवार विध्वंस में सहायक है तो कलम ज्ञान के संचार में सहायक है। तलवार जहाँ शारीरिक शक्ति के माध्यम से परिवर्तन लाने का प्रयास करती है, वहीं कलम विचारों, तर्कों और चेतना के माध्यम से समाज को प्रभावित करती है। इसका सकारात्मक प्रयोग समाज में जागरूकता, समानता और परिवर्तन की नींव रख सकता है। सामान्यतः तलवार से युद्ध करके जो बदलाव नहीं लाया जा सकता वह कलम के प्रयोग से अवश्य लाया जा सकता है। उदाहरण के रूप में कवि बिहारी जी का दोहा दृष्टव्य है :
"नहीं पराग, नहीं मधुर मधु, नहीं विकास इहि काल।
अली कली ही सौं बँध्यो, आगे कौन हवाल॥"
इस दोहे के माध्यम से बिहारी जी ने न केवल राजा जयसिंह को जीवन का एक अहम उपदेश दिया बल्कि राजा को नीति के मार्ग पर भी ले आए।
जो भी हो, यह भी अटल सत्य है कि कलम और तलवार दोनों ही अपने-अपने स्थान पर समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। फिर भी, यह कहना अतिशयोक्ति न होगा कि कलम तलवार से अधिक शक्तिशाली है और इसमें कोई संदेह नहीं।
