STORYMIRROR

Shibangi Das

Children Stories

3  

Shibangi Das

Children Stories

तोहफ़ा

तोहफ़ा

4 mins
291

रिंकू को तोहफ़े बहुत पसंद थे। चूँकि वो घर का सबसे छोटा सदस्य था, इसीलिए उसे सभी बहुत लाड दुलार करते और उसकी हर मांग पूरी होती थी। जब चाहा खिलौने आए, जब चाहा मिठाई, चॉकलेट आए, ये सब देख उसकी माँ बड़ी परेशान रहती। उन्होंने एकदिन इस बारे में रिंकू के पापा से बात करने की सोची।

"अजी सुनते हो, आपसे कुछ बात करनी थी"


"हाँ, बोलो ना, सुरेखा, क्या बोलना है"


"आप रिंकू की हर ज़िद पूरी करके उसकी आदत बिगाड़ रहे हो, आज को तो छोटी चीजें मांग रहा है, कल को कोई बड़ी चीज मांग बैठा जो हम उसे देने में नाकामयाब रहे, तो?"


"तुम बेकार ही परेशान हो रहीं हो, एक ही तो बेटा है हमारा, अब छोटा भी है, उसकी माँगें अब पूरी नहीं करेंगे तो कब करेंगे?"


" मत मानो मेरी बात, लेकिन बता दे रहीं हूं, बहुत पछताओगे एक दिन "

ये सुनकर राजीव हंस पड़ा और हाथ मुँह धोने चला गया।


हर दिन की तरह, रिंकू अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था, कि तभी उसका दोस्त, तन्मय, वहाँ भागता हुआ आया और चिल्लाने लगा," देखो मेरा नया खिलौना, एक रिमोट कंट्रोल कार! " सभी बच्चे उसको घेरकर उस नए खिलौने के बारे में जासूसी करने लगे और तन्मय भी बड़े चाव से उस खिलौने के बारे में बता रहा था। उसका खिलौना देख रिंकू के मन में भी वही खिलौना पाने की इच्छा हुई। तब वो दौड़कर अपने घर गया और अपनी मम्मी से उसने उस खिलौने की माँग की।

" अभी नहीं बेटा, पापा को दफ़्तर से लौटने दो, तब उन्हें बोलना ले आयेंगे", ये सुन रिंकू खुशी से चहचहाने लगा।

राजीव हर रोज शाम को सात बजे तक लौट आता, पर उस दिन उसे बड़ी देर हो गई।

"मम्मी, पापा कहाँ गए, मुझे अभी वो खिलौना चाहिए"


"बेटा, पापा आते होंगे, ज़िद क्यों कर रहे हो?"


" आप कॉल करो ना पापा को"


" पापा गाड़ी चला रहे होंगे, थोड़ी देर रुक तो जाओ, आने दो पापा को फिर तुम उनके साथ जाकर अपना खिलौना ले आना"


"नहीं, आप अभी बात कराओ मेरी पापा से "

" रिंकू, जिद नहीं करते, बोला ना, पापा को आने दो "


" मैं खुद ही कॉल कर देता हूं ", ये कहकर उसने राजीव की कॉल किया।


राजीव अभी आधे रास्ते में ही था कि उसकी फोन बजने लगी। उसने एक हाथ से स्कूटर चलाने की कोशिश की और दूसरे हाथ से फोन उठाया।

" कितनी बार कहा है सुरे.... "


" पापा, कहाँ हो? "


" रास्ते में हूँ बेटा, क्या हुआ? "


" पापा, वो आते हुए रिमोट कंट्रोल कार लेते आना ना.."


"अरे, मुझे घर तो पहुंचने दो, फिर हम दोनों मिलकर जाएंगे तुम्हारा खिलौना लेने"


"नहीं पापा, आप अभी ले आइए ना "


"बात मानो मेरी रिंकू, बोला ना, घर पहुंचकर हम दोनों जाएंगे लेने, फिर क्यूँ जिद कर रहे हों? "


"नहीं नहीं नहीं.."


" बेटा.... आआआ आ...... "

और फिर बहुत जोरों की आवाज आती है जैसे किसी का एक्सीडेंट हुआ हो, और हुआ भी, वो भी राजीव का।


" मम्मी, मम्मी, पापा कुछ बोल नहीं रहे, वो बहुत जोर का आवाज हुआ.. और.... " ये बोलते बोलते रिंकू रो पड़ा।


घबराते हुए सुरेखा ने रिंकू के हाथ में से फोन लिया और जोर जोर से हैलो हैलो पुकारने लगी, तभी उस और किसी की आवाज आयी, "आप कौन? “

" मैं... मैं.. उनकी पत्नी"

"आपके पति का बहुत जोर से एक्सीडेंट हुआ है, हम उन्हें लेकर पास के अस्पताल में भर्ती कराते हैं, तब तक आप यहां पहुंच जाइए "

ये कहकर उस आदमी ने कॉल काट दिया।


सुरेखा जल्दी ही अपनी बेटी और रिंकू को लेकर अस्पताल की और निकल पड़ी। वहाँ पहुंची तो उसने राजीव को जगह जगह पे सफेद पट्टी से लिपटे हुए बेड पे लेटा पाया। उसे देख वो जोर जोर से रोने लगी।


" अरे, सुरेखा, रो क्यों रही हो,मैं बिल्कुल ठीक हुँ, बस थोड़ी चोटें ही तो आयी है"


"ये आपको थोड़ी सी लगती हैं? मना किया था मैंने रिंकू को, मत कॉल कर, पापा गाड़ी चला रहे होंगे, पर ये कुछ सुने तब ना, आपने ही इसे सिर पर चढ़ाकर रखा है, मैंने तो आपको पहले से ही... "


" ऑफ्फो सुरेखा, क्यूँ चिल्ला रही हो, बच्चा है अभी "


" नहीं पापा, मुझे माफ कर दीजिए, मुझे आपकी बात मानकर कॉल काट देना चाहिए था। मेरी जिद की वजह से आपको आज इतना दर्द हो रहा है। आई एम सॉरी पापा, मैं और कभी किसी चीज के लिए ज़िद नहीं करूंगा," रिंकू नम आँखों से सुबकते हुए बोला।


राजीव ने मुस्कुराते हुए रिंकू के सर पर अपना हाथ फेरा," कोई बात नहीं बेटा, आप समझ गए, मेरे लिए बस इतना ही काफी है, देखा सुरेखा, तुम तो बेकार में ही परेशान होती थी, हमारा बेटा तो कितना समझदार हो गया है"


सुरेखा ने ये सुनकर मुस्करा दिया।


वो दिन रिंकू को हमेशा याद रहा और उसने फिर कभी कोई जिद नहीं की। उस हादसे ने उसे एक सीख़ दी, जो उसके लिए एकदम उपयुक्त तोहफ़ा था।



विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

More hindi story from Shibangi Das