कवि हरि शंकर गोयल

Drama Action Fantasy

4.5  

कवि हरि शंकर गोयल

Drama Action Fantasy

दो जासूस

दो जासूस

12 mins
277


दो जासूस , करें महसूस कि दुनिया बड़ी खराब है 

कौन है सच्चा कौन है झूठा 

हर चेहरे पे नकाब है 

जरा सोचो जरा समझो 

जरा संभल के रहियो जी।। 

राजा और राणा दोनों दोस्त यह गाना गा रहे थे और मस्ती में जुहू बीच पर टहल रहे थे। आज छुट्टी मना रहे थे दोनों। कोई काम पेंडिंग था भी नहीं। जितने भी केस थे , सब सुलझा डाले थे कल ही। अब कोई नया मामला आयेगा तब देखेंगे। यही सोचकर दोनों जासूस मस्ती कर रहे थे।

इतने में राजा का मोबाइल बज उठा 

"हैलो , राजा जासूस बोल रहे हैं" ? 

"हां , मैं बोल रहा हूं। कौन साहब बोल रहे हैं" ? 

"मैं इज्जत सिंह बोल रहा हूं। दरअसल मुझे कुछ काम था। यदि आप लोग आज फ्री हों तो मुझे रात को आठ बजे उस लोकेशन पर मिलें जो मैं आपको भेज दूंगा। बोलो मंज़ूर है" ? 

"ओके। ठीक आठ बजे हम लोग पहुंच जाएंगे"।

दोनों दोस्त खुशी से झूम उठे कि चलो नया केस मिल गया। मस्ती में दोनों गाने लगे 

अजी दो दीवाने दिल के 

चले हैं हिल मिल के 

चले हैं चले हैं चले हैं ससुराल।। 

ठीक आठ बजे वो दोनों होटल क्लार्क में पहुंच गए। एक सूटेड बूटेड आदमी दोनों को एक कमरे तक छोड़ गया।

इज्जत सिंह जी नाम के अनुरूप काफी इज्जतदार लग रहे थे। उनके चेहरे , पहनावे और बात करने के ढंग से लग गया था कि वे खानदानी रईस हैं। इज्जत सिंह ने एक लड़की का फोटो देकर कहा कि यह उनकी बेटी आयशा है जो सोफिया कॉलेज में पढ़ रही है। इसकी जासूसी करनी है। किससे मिलती है ? कितने ब्वायफ़्रेंड हैं ? वे कैसे हैं ? मतलब कि उठाईगीरे हैं या ढंग के हैं ? वगैरह । पारिश्रमिक जो आप दोनों चाहें। ये पचास हजार रुपए एडवांस में। बाकी जितना कहोगे , मिल जायेगा। काम एकदम परफेक्ट होना चाहिए और आयशा को कानों-कान खबर भी नहीं होनी चाहिए। सारा काम दस दिन में करके देना है। ये मेरा कार्ड है। रोज रात को दस बजे मुझे इस मोबाइल नंबर पर अपडेट करते रहोगे। ध्यान रहे , ठीक दस बजे। कोई विशेष बात हो तो यह दूसरा नंबर है , उस पर कभी भी बता सकते हो। कोई प्रश्न" ? 

"जी नहीं। बस , आयशा मैम का मोबाइल नंबर चाहिए" ? 

"ओके। उसके पास दो मोबाइल हैं। दोनों में दो दो सिम हैं। यानी कि चार नंबर हैं उसके पास। चारों नंबर मेरा पी ए आपको बता देगा। उससे ले लेना"। और इज्जत सिंह ने अपने पी ए को बुलाकर कह दिया कि आयशा के मोबाइल नंबर इन दोनों को दे दें। पी ए ने एक कागज पर चारों नंबर लिखकर दे दिये।

दोनों दोस्त बड़े खुश हुए। फिर से कोई नया केस। मुंहमांगी रकम। वाह। क्या कहने ! खुशी खुशी दोनों "मधुशाला" पहुंच गए। जी भरकर पी और एक दूसरे को पिलाई। दोनों दोस्त नाच गा कर , झूम झूम कर पी रहे थे और पिला रहे थे। साथ साथ में गा भी रहे थे

तुम तुम हो 

हम हम हैं 

ना तुम कम हो 

ना हम कम हैं , जानी 

यार की है यारी निभानी 

पी ले पी ले ओ मेरे राजा 

पी ले पी ले ओ मेरे जानी।।

रात भर मस्ती करने के बाद दूसरे दिन सवेरे से ही दोनों दोस्त अपने अपने काम पर लग गए। अपने एक बंदे को इज्जत सिंह की कोठी के बाहर एक मोची बनाकर बैठा दिया। वह घर में आने जाने वालों पर निगरानी रख रहा था। एक बंदा मोटरसाइकिल पर तैयार था पीछा करने के लिए। एक दो बंदे और तैयार थे बीच बीच में बदलने के लिए जिससे कोई शक ना करे कि उसका पीछा किया जा रहा है।

राजा ने अपने लैपटॉप पर आयशा के चारों मोबाइल नंबर एक जासूसी सॉफ्टवेयर पर डाल दिए जिससे उन नंबरों पर आने वाली और जाने वाली कॉल ट्रैस की जा सकती थी। वह कॉल ट्रैस करने में व्यस्त हो गया और राणा अपने स्टॉफ को निर्देशित करने में व्यस्त रहा।

रात को ठीक दस बजे राजा ने इज्जत सिंह को बताया कि आयशा के दो ब्वायफ़्रेंड तो अब तक ट्रैस हो चुके हैं। एक है जॉनी जो एक मिडिल क्लास फैमिली का लड़का है। जॉनी एक स्मार्ट लड़का है जो शानदार डांस करता है। आयशा उसके साथ पब में जाकर डांस पार्टी करती है। वहां पर दोनों "खाते पीते" भी हैं। पेमेंट आयशा ही करती है।

दूसरा ब्वायफ़्रेंड है सिद्धार्थ सिंह। उसका बाप यहां का पुलिस कमिश्नर है। बड़ा ही बिगड़ैल किस्म का लड़का है सिद्धार्थ। अपनी मन की ही चलाता है। आयशा पर भी रौब झाड़ता रहता है। आयशा उससे दबती भी है।

इज्जत सिंह ने कहा "बहुत बढ़िया। पहले दिन ही शानदार काम किया है तुमने। बहुत बढ़िया। लगे रहो दोनों"।

दूसरे दिन राजा ने जॉनी और सिद्धार्थ के मोबाइल नंबर भी ट्रैस करने शुरू कर दिये। दिन भर आयशा पर कड़ी नजर रखी गई और कॉल ट्रैस की गई।

रात को इज्जत सिंह को अपडेट करते हुए राजा ने बताया कि आज आयशा के दो ब्वायफ़्रेंड और ट्रैस हुए हैं। तीसरा है सन्नी सिंह और चौथा है सलमान। ये दोनों भी मिडिल फैमिली से ही हैं। आयशा बहुत होशियारी से चारों से अलग अलग मिलती है। ये चारों एक दूसरे को नहीं जानते हैं मगर आयशा के साथ चारों के "अंतरंग" संबंध हैं।

यह सुनकर इज्जत सिंह दंग रह गए। क्या हो गया है आयशा को ? किस सोहबत में फंस गई यह लड़की। अपना जीवन क्या बना लिया है इसने ? क्या ये अधिक लाड़ प्यार का नतीजा है या अधिक आजादी देने का ? वह अभी तक समझ नहीं पाये कि वह किस तरह रिएक्ट करे ? आयशा की करतूतों पर हंसे या रोये ?

दूसरे दिन इज्जत सिंह ने दोनों को फिर होटल क्लार्क में बुलाया। दोनों दोस्त ठीक समय पर पहुंच गये। इज्जत सिंह ने पांच लाख रुपए पकड़ाते हुए कहा "क्या इन चारों दुष्टों से आयशा का पीछा छुड़ा सकते हो ? पैसा मुंह मांगा मिलेगा "।

राजा और राणा ने हां कह दी। अब उनका "मिशन मुक्ति" अभियान शुरू हो गया था। चारों आशिकों के मोबाइल नंबर ट्रैस करने पर और उनका पीछा करवाने पर पता चल गया कि उन चारों की कई कई गर्लफ्रेंड्स हैं। सबका एक ही फंडा है कि आयशा अमीर घराने की बेटी है , जितना माल कूटा जा सके कूट लो उससे। और एक बात कि वह एक अमीर तथा सुंदर लड़की भी तो है। अपने अरमान पूरे करने के लिए अगर एक सुंदर और धनवान लड़की मिल रही है तो "भोगने" में क्या बुराई है ? बस, इसीलिए प्रेम का झूठा प्रदर्शन हो रहा है। आयशा ने चार आशिक क्यों पाल रखे हैं , अभी तक यह रहस्य समझ नहीं आया ? कोई मजबूरी या ऐय्याशी ?

अब दोनों जासूसों ने अपनी रणनीति तैयार की और सबसे पहले सन्नी सिंह से मिले। सन्नी सिंह को बता दिया कि उसकी तीनों गर्लफ्रेंड को वे जानते हैं। आयशा के अलावा दो और गर्लफ्रेंड छवि तथा लवी हैं। यदि सबको सारी बात बता देंगे तो तीनों लड़कियां भाग जाएंगी उससे। फिर तरसता रह जाएगा गर्लफ्रेंड के लिए और उसे बदनाम भी कर दिया जाएगा। सन्नी सिंह को सारी कहानी समझ में आ गई इसलिए उसने उन दोनों से वादा कर दिया कि अब वह आयशा से कभी नहीं मिलेगा। अंधे को क्या चाहिए दो आंखें। दोनों ने उससे लिखवा भी लिया।

राजा ने उसके फोन ट्रैस करके कन्फर्म भी कर लिया कि अब सन्नी सिंह आयशा से नहीं मिलता है। एक कांटा तो दूर हुआ।

सलमान आयशा का सबसे पहला ब्वायफ़्रेंड था। जब वह स्कूल में पढ़ती थी तभी से वह सलमान की गर्लफ्रेंड बन गई थी। छोटी उम्र में वह ज्यादा कुछ जानती नहीं थी केवल आकर्षण में ही सलमान के चंगुल में फंसती चली गई। जोश में होश खो बैठी थी वह। उसका पूरा फायदा सलमान ने उठाया और सलमान ने उसके कई वीडियो बना लिये। उन वीडियोज के सहारे ही वह उसे अब तक ब्लैकमेल कर रहा था। आयशा सलमान से पिंड छुड़ाना चाहती थी लेकिन वीडियो वायरल होने के डर से वह ऐसा कर नहीं पा रही थी। अब मजबूर थी वह उसकी गुलामी करने के लिए।

दोनों दोस्तों ने सलमान के साथ नजदीकियां बढ़ा दीं। बड़ी जल्दी दोस्ती हो गई उससे। उधर सिद्धार्थ सिंह से भी दोस्ती कर ली उन दोनों ने। फिर एक दिन चारों ने एक पार्टी रखी जिसमें अलग-अलग ब्रांड की शराब मंगवाई गई। चारों ने मिलकर खूब धमाल मचाया और जमकर दारू पार्टी की। शराबी फिल्म के गाने की तर्ज पर पार्टी चल रही थी।

जहां चार यार मिल जाएं 

वहीं रात हो गुलजार 

जहां चार यार।

राजा ने सिद्धार्थ सिंह को पकड़ा। उसके गिलास में नशे की गोली डाल दी गई। नशे में राजा ने उसका एक इंटरव्यू ले लिया जिसमें वह बताने लगा कि उसका बाप पुलिस कमिश्नर है और उसने इस रूतबे के कारण कई जाने माने लोगों की बेटियों के साथ इश्क का स्वांग रचकर उनका सब कुछ लूट लिया है। राजा ने उसके साक्षात्कार का वीडियो बना लिया था।

उधर राणा ने सलमान के गिलास में नींद की गोली डाल दी। शराब पीते पीते ही सलमान को नींद आने लगी। राणा उसे एक कमरे में ले गया और उसका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। उसमें आयशा के बहुत सारे अश्लील वीडियो पड़े हुए थे। आयशा के अलावा और भी बहुत सी लड़कियों के साथ उसके आपत्तिजनक वीडियो पड़े हुए थे। राणा ने उसके मोबाइल से सिम निकाल कर एक नये मोबाइल में डाल दी और उस मोबाइल को चैक करके कि अब उसमें कुछ भी आपत्ति जनक वीडियो और फोटो नहीं हैं , सलमान की जेब में रख दिया।

चारों दोस्त रात भर उस होटल में सोते रहे। सुबह सुबह ही राजा ने सिद्धार्थ सिंह को उसका रात वाला साक्षात्कार दिखा दिया और कह दिया कि या तो वह आयशा की जिंदगी से हमेशा के लिए चला जाये या फिर इस वीडियो को वायरल कर दिया जाये और इसका अंजाम भुगतने को तैयार रहा जाये। सिद्धार्थ सिंह समझदार लड़का था। उसे समझ में आ गया कि वीडियो वायरल होते ही उसके पुलिस कमिश्नर बाप की इज्जत का फालूदा बन जाएगा। फिर उसके पास भी गर्लफ्रेंड्स की कमी नहीं थी। आयशा नहीं रहेगी तो कोई खास बात नहीं है , और बहुत सारी हैं। आयशा का दोहन तो वह कर ही चुका था। सिद्धार्थ सिंह ने वचन दे दिया कि अब वह कभी भी आयशा से नहीं मिलेगा।

राजा ने इज्जत सिंह को दूसरे फोन पर कॉल किया और मिलने की इच्छा बताई। इज्जत सिंह ने अपने सभी अपोइंटमेंट कैंसिल कर दिए और राजा तथा राणा से मिलने होटल क्लार्क में आ गया।

राजा ने अब तक की सारी रिपोर्ट इज्जत सिंह के सामने रख दी। पुलिस कमिश्नर के बेटे सिद्धार्थ सिंह की सारी बातें बता दी। सन्नी सिंह के दूसरी लड़कियों से अफेयर बताकर उससे पिंड छुड़ाने की दास्तां बयां कर दी। उसका लिखा कागज भी सौंप दिया गया। सबसे कठिन काम सलमान से पीछा छुड़ाना था। इज्जत सिंह को सलमान का मोबाइल पकड़ा कर कह दिया कि इसमें आयशा के वे सब वीडियो हैं जो सलमान ने बना रखे थे , जिनसे वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। अब वह ब्लैकमेल नहीं कर पाएगा आयशा को।

रही बात जॉनी की तो उसके कोई और गर्लफ्रेंड नहीं है। आयशा ही है बस एकमात्र गर्लफ्रेंड। यदि जॉनी से भी पिंड छुड़ाना चाहते हैं तो उसे किसी क्ल्ब में डिस्को डांसर बनवाकर दूसरे शहर भेजा जा सकता है क्योंकि डांसिंग उसका "पैशन" है। उसे अच्छी तनख्वाह मिलेगी और डांसिंग करने को मिलेगी तो वह खुशी खुशी वहां चला जायेगा। इस तरह चारों आशिकों से पीछा छूट जायेगा आयशा का। हां , एक बात और। आपको आयशा से इस बारे में बात करनी होगी और उसके चारों मोबाइल लेकर अपने पास रखने होंगे तथा कुछ दिन कॉलेज भी नहीं भेजना है उसको। क्योंकि सलमान उससे मिलने की कोशिश जरूर करेगा और उसे डरायेगा धमकायेगा भी। मगर चिंता की कोई बात नहीं है। वह कुछ करने की स्थिति में नहीं है अब। इसलिए बेफिक्र रहें। जॉनी का भी जल्दी ही टिकट कटा दें तो ठीक रहेगा "।

इज्जत सिंह राजा और राणा के काम से इतना प्रभावित हुए कि पचास लाख रुपए का चैक काटकर दे दिया उनको। फिर भी कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा "ये पचास लाख रुपए बहुत छोटी सी रकम है। तुमने मुझे मेरी बेटी वापस ला दी है। वह बुरी संगत में फंस गई थी। तुम्हारा यह अहसान मैं जिंदगी भर नहीं भूलूंगा। कभी कोई जरूरत हो तो निसंकोच आ जाना "।

राजा ने कहा "हम भी आपके शुक्रगुजार हैं जो आपने हमारी काबिलियत को सराहा। जासूसी का काम बहुत ख़तरनाक है और हर कोई इसे समझ भी नहीं पाता है। हमारे लिए और कोई काम हो तो बताइएगा"।

"हां , एक काम याद आया। एक लड़का है अभि। आई आई एम अहमदाबाद में लास्ट सेमेस्टर में है। जरा उसकी जासूसी करके बताएं कि क्या उसका कोई चक्कर चल रहा है किसी लड़की से ? और कहीं कोई दारु या स्मैक वगैरह का शौकीन तो नहीं है वह ? आयशा के लिए कैसा रहेगा" ? 

"तीन दिन में रिपोर्ट मिल जाएगी आपको"।राजा और राणा ने रुखसत होते हुए कहा।

इज्जत सिंह ने घर पहुंच कर आयशा को अपने पास बैठाया और समझाते हुए कहा "बेटा, बचपन में कुछ नादानियां हो जाती हैं हमसे। उम्र में बदलाव का दौर होता है वह। किसी लड़के का साथ अच्छा लगने लगता है। मगर हमें हमारी मर्यादा को नहीं भूलना चाहिए। आज़ादी का मतलब स्वच्छंदता नहीं है।कुछ चीजें समय आने पर ही करनी चाहिए। सब कुछ हर समय नहीं किया जा सकता है। शादी विश्वास का दूसरा नाम है। अगर पति-पत्नी को एक-दूसरे पर विश्वास ही नहीं होगा तो फिर शादी का अर्थ ही क्या रह जाएगा ? मुझे तुम्हारे बारे में सब कुछ पता चल गया है। सन्नी सिंह ने तुमसे पहले ही नाता तोड़ दिया है। बोलो तोड़ा है कि नहीं" ? 

आयशा को बड़ा आश्चर्य हो रहा था कि उसके पापा को ये सब कैसे पता चला ? उसकी समझ में कुछ भी नहीं आ रहा था मगर वह जानती थी कि सन्नी सिंह और सिद्धार्थ सिंह दोनों ने ही उससे नाता तोड़ लिया है। उसमें हामी में गर्दन हिला दी।

इज्जत सिंह ने आगे कहा "सिद्धार्थ सिंह भी आगे नहीं बढ़ेगा। वह भी नाता तोड़ देगा। सलमान के जिन वीडियो से तुम डर रहीं थीं वो इस मोबाइल में हैं। लो , एकबार चैक कर लो। फिर डिलीट कर देना। अब वह भी कुछ नहीं बिगाड़ सकता है तुम्हारा। इसलिए अब उससे भी डरने की आवश्यकता नहीं है। पर तुमको एकबार मुझे तो कुछ बताना चाहिए था ना ? 

जॉनी की जॉब चेन्नई में लग गई है। वहां वह एक क्ल्ब में डिस्को डांसर बन गया है और वह वहां जा रहा है। अब तुम्हारे चारों ब्वायफ़्रेंड्स का तुमसे कोई संबंध नहीं रहा है। थोड़े दिन अपने दोनों मोबाइल मुझे दे दो। ये दोनों मोबाइल मेरे पास रहेंगे। कल हम लोग स्विट्जरलैंड चल रहे हैं घूमने के लिए। पंद्रह दिन वहीं रहेंगे "। 

"ओह पापा"। कहकर आयशा इज्जत सिंह के सीने से लग गई। आज ऐसा लग रहा था कि जैसे उसके सिर से कोई बोझ उतर गया है।

दूसरे दिन इज्जत सिंह और आयशा दोनों स्विट्जरलैंड चले गए। ठीक तीसरे दिन राजा का फोन आया और उसने बताया कि अभि एक बहुत बढ़िया लड़का है। उसकी कोई गर्लफ्रेंड नहीं है। उसे किसी प्रकार का कोई शौक भी नहीं है। ना तो दारू का और ना ही पुड़िया का। यहां तक कि वह तो अंडा भी नहीं खाता है। शरीफ लड़का है वह "।

इज्जत सिंह को सन्तोष हो गया कि उसने सही लड़का देखा है। अभि स्मार्ट तो था ही। उसकी फोटो आयशा को दिखाई और कहा कि यह लड़का देखा है तेरे लिए। इसके पापा बहुत बड़े उद्योगपति हैं। अगर ल़डका पसंद हो तो आगे बात बढ़ाएं" ? 

आयशा ने अपना चेहरा दोनों हथेलियों में छुपा लिया और शर्मा कर इतना ही कहा "जैसी आपकी इच्छा और वह वहां से भाग गई।


Rate this content
Log in

Similar hindi story from Drama